सरकारी छुट्टी: दुनिया के हर देश में सरकारी छुट्टियों की अपनी अलग परंपरा होती है, लेकिन इन छुट्टियों की संख्या हर जगह समान नहीं होती। कहीं धार्मिक त्योहारों को ज्यादा महत्व दिया जाता है, तो कहीं राष्ट्रीय आयोजनों और सांस्कृतिक परंपराओं के कारण छुट्टियों की संख्या अधिक होती है। कुछ देश लंबे वीकेंड और पारिवारिक समय को प्राथमिकता देते हैं, जबकि कुछ देशों में विविध धार्मिक मान्यताओं के चलते साल भर छुट्टियों का सिलसिला चलता रहता है।
सबसे टॉप पर है भारत
विश्व जनसंख्या समीक्षा और विकिपीडिया जैसे सार्वजनिक स्रोतों के हालिया आंकड़ों के अनुसार, दुनिया में सरकारी छुट्टियों की संख्या के मामले में भारत सबसे ऊपर है। भारत में राष्ट्रीय, धार्मिक और क्षेत्रीय त्योहारों को मिलाकर कुल 42 सरकारी छुट्टियां दर्ज की जाती हैं। इनमें से 21 छुट्टियां केंद्र सरकार द्वारा घोषित की जाती हैं, जबकि बाकी छुट्टियां राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अनुसार अलग-अलग होती हैं।
3 राष्ट्रीय छुट्टियों को है मान्यता
भारत में आधिकारिक तौर पर तीन राष्ट्रीय छुट्टियों को मान्यता दी गई है, जिनमें गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस और गांधी जयंती शामिल हैं। इसके अलावा होली, दिवाली, ईद, गुरुपर्व, क्रिसमस और कई क्षेत्रीय पर्व देश के अलग-अलग हिस्सों में मनाए जाते हैं। भारत की यही सांस्कृतिक और धार्मिक विविधता उसे सरकारी छुट्टियों की वैश्विक सूची में पहले स्थान पर लाती है।
दूसरे नंबर पर है नेपाल
सरकारी छुट्टियों के मामले में दूसरे स्थान पर नेपाल है, जहां साल भर में कुल 35 सार्वजनिक अवकाश होते हैं। नेपाल की छुट्टियां वहां की हिंदू और बौद्ध विरासत को दर्शाती हैं। दशैं, तिहार, होली, बुद्ध जयंती और नारी दिवस जैसे पर्व आधिकारिक कैलेंडर का अहम हिस्सा हैं। भारत की तरह नेपाल भी धार्मिक सह-अस्तित्व और सांस्कृतिक विविधता के लिए जाना जाता है।
ईरान और म्यांमार
तीसरे स्थान पर ईरान और म्यांमार संयुक्त रूप से आते हैं, जहां साल में 26 सरकारी छुट्टियां होती हैं। ईरान में सार्वजनिक अवकाश मुख्य रूप से इस्लामी परंपराओं से जुड़े होते हैं, जिनमें नौरोज, ईद-उल-अजहा और आशूरा जैसे पर्व शामिल हैं। वहीं म्यांमार में जातीय और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ बौद्ध त्योहारों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। थिंगयान जल महोत्सव और बौद्ध उपवास यहां की छुट्टियों का प्रमुख हिस्सा हैं।
श्रीलंका
इसके बाद श्रीलंका का नाम आता है, जहां कुल 25 सरकारी छुट्टियां मनाई जाती हैं। श्रीलंका की छुट्टियां बौद्ध, हिंदू, मुस्लिम और ईसाई समुदायों के धार्मिक आयोजनों को दर्शाती हैं। वेसाक, दीपावली और क्रिसमस जैसे त्योहार यहां की बहुधार्मिक संस्कृति की झलक पेश करते हैं।
कंबोडिया
कंबोडिया में साल भर में 24 आधिकारिक छुट्टियां होती हैं। यहां बौद्ध धर्म से जुड़े त्योहारों के साथ-साथ राष्ट्रीय पर्वों को भी विशेष स्थान दिया जाता है। खमेर नव वर्ष और स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसरों पर लोग लंबी छुट्टियों के दौरान परिवार और समुदाय के साथ समय बिताना पसंद करते हैं।
बांग्लादेश
बांग्लादेश में कुल 22 सरकारी छुट्टियां दर्ज की गई हैं। यहां इस्लामी त्योहारों के साथ-साथ हिंदू और राष्ट्रीय पर्व भी मनाए जाते हैं। ईद, दुर्गा पूजा और स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसर बांग्लादेश की बहुधार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाते हैं।
इन आंकड़ों से साफ होता है कि जिन देशों में सांस्कृतिक विविधता और धार्मिक परंपराएं मजबूत हैं, वहां सरकारी छुट्टियों की संख्या भी अधिक देखने को मिलती है। भारत इस सूची में शीर्ष स्थान पर रहकर न केवल अपनी परंपराओं की समृद्धि को दर्शाता है, बल्कि ये भी दिखाता है कि त्योहार और अवकाश भारतीय जीवनशैली का अहम हिस्सा हैं।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तानी खिलाड़ी समीर मिन्हास ने तोड़ा वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड, यूथ ODI में बनाया इतिहास































