देश-विदेश

1 लाख टिकट प्रति मिनट! IRCTC करने जा रहा है टिकट बुकिंग सिस्टम का सबसे बड़ा अपग्रेड

IRCTC

भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ट्रेन टिकट बुकिंग सिस्टम में महत्वपूर्ण बदलाव करने जा रहा है। इस अपग्रेड के बाद ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्रक्रिया तेज, विश्वसनीय और आसान हो जाएगी। खासकर पीक टाइम में जब हजारों यात्री एक साथ टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं, तब वेबसाइट धीमी होने या सर्विस रुकने जैसी समस्याओं से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।

क्या है ये बड़ा बदलाव?

दरअसल IRCTC अपनी नेक्स्ट जेनरेशन ई-टिकटिंग (NGET) प्लेटफॉर्म के इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड कर रहा है। इसमें सर्वर, स्टोरेज, नेटवर्किंग और सॉफ्टवेयर शामिल हैं। इस आधुनिकीकरण पर लगभग 150 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।

गोरतलब है कि, फिलहाल वर्तमान में IRCTC का सिस्टम लगभग 37,000 टिकट प्रति मिनट बुक कर सकता है, लेकिन अपग्रेड के बाद ये क्षमता बढ़कर 1 लाख टिकट प्रति मिनट से अधिक हो सकती है। इससे हाई डिमांड वाले समय में भी बुकिंग स्मूथ रहेगी।

इतना ही नहीं, IRCTC एक एक्टिव डिजास्टर रिकवरी सिस्टम भी तैयार कर रहा है। इसमें दो अलग-अलग सेटअप होंगे। अगर एक सिस्टम फेल हो जाए तो दूसरा तुरंत ट्रैफिक संभाल लेगा। इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म से बाहर निकलने या बुकिंग बीच में रुकने की समस्या कम होगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, आपदा रिकवरी सुविधा के लिए सिकंदराबाद को संभावित लोकेशन माना जा रहा है।

वेबसाइट को बनाया गया सरल

नए सिस्टम में बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाने पर जोर दिया गया है। अनावश्यक CAPTCHA चेक, पॉप-अप और चमकते ग्राफिक्स को कम किया जा रहा है। इससे यूजर्स को उलझने के बजाय सीधे यात्रा चुनने और टिकट बुक करने पर ध्यान केंद्रित करने में आसानी होगी।

यात्रियों के लिए फायदे

  • पीक सीजन या त्योहारों के दौरान भी तेज बुकिंग
  • वेबसाइट धीमी होने या क्रैश होने की संभावना कम
  • सरल इंटरफेस से कम समय में टिकट बुक करना संभव
  • सिस्टम फेल होने पर भी बैकअप से सेवा जारी रहना

IRCTC का ये अपग्रेड ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग को ज्यादा रिलायबल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यात्री अब बेहतर अनुभव की उम्मीद कर सकते हैं, खासकर तब जब सीमित सीटों के लिए होड़ रहती है।

नोट: ये जानकारी उपलब्ध रिपोर्ट्स पर आधारित है। आधिकारिक अपडेट के लिए IRCTC वेबसाइट या ऐप चेक करें।

You may also like