महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में इंसानों और बाघों के बीच बढ़ते संघर्ष को रोकने के लिए वन विभाग एक बड़ा और अनोखा कदम उठाने की तैयारी में है। विभाग ने क्षेत्र में बाघों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उनकी प्रजनन क्षमता पर अस्थायी रोक लगाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजा है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो भारत में पहली बार बाघों की संख्या नियंत्रित करने के लिए इस तरह का प्रयोग किया जा सकता है।
ये मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि एक तरफ देश में बाघों के संरक्षण और उनकी आबादी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में बाघों की बढ़ती मौजूदगी इंसानों और किसानों के लिए गंभीर चुनौती बन रही है।
चंद्रपुर में करीब 350 बाघ होने का अनुमान
महाराष्ट्र का चंद्रपुर जिला अपने जंगलों और वन्यजीवों के लिए जाना जाता है। यहां स्थित ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व देश के प्रमुख बाघ अभयारण्यों में शामिल है।
वन विभाग से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, ताडोबा सहित पूरे चंद्रपुर जिले में करीब 350 बाघ होने का अनुमान है। बाघों की बढ़ती मौजूदगी के कारण जंगलों से सटे गांवों में उनकी आवाजाही बढ़ने की चिंता सामने आ रही है। कई इलाकों में बाघों के हमलों से इंसानों की जान जाने और पालतू मवेशियों के शिकार होने की घटनाओं ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में काम करने, मवेशियों को चराने और रोजमर्रा के कामों के लिए बाहर निकलना भी कई बार जोखिम भरा हो जाता है। इसी वजह से स्थानीय स्तर पर बाघों की संख्या नियंत्रित करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग तेज हो रही है।
क्या है बाघों की नसबंदी का प्रस्ताव?
चंद्रपुर वन विभाग ने बाघों की प्रजनन क्षमता नियंत्रित करने के लिए इम्यूनोकॉन्ट्रासेप्शन (Immunocontraception) तकनीक अपनाने का प्रस्ताव दिया है। इसे आसान भाषा में बाघों की फैमिली प्लानिंग भी कहा जा सकता है।
इस तकनीक का उद्देश्य जानवरों की प्रजनन क्षमता को अस्थायी रूप से रोकना है। ये पारंपरिक स्थायी नसबंदी से अलग तरीका है। इसका इस्तेमाल नियंत्रित परिस्थितियों में किया जाता है, ताकि किसी प्रजाति की आबादी को वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधित किया जा सके।
ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के अनुसार, इस प्रस्ताव के तहत शुरुआती चरण में केवल तीन चयनित बाघों पर प्रयोग करने की योजना है। इसका मतलब ये नहीं है कि चंद्रपुर के सभी बाघों की नसबंदी की जाएगी।
इस प्रयोग के परिणामों का अध्ययन करने के बाद ही आगे की रणनीति तय की जा सकती है।
केंद्र सरकार और वन्यजीव संस्थान की मंजूरी जरूरी
चंद्रपुर वनवृत्त के मुख्य वन संरक्षक आर. एम. रामानुजन के अनुसार, बाघों में इम्यूनोकॉन्ट्रासेप्शन की प्रक्रिया के लिए प्रस्ताव संबंधित केंद्रीय प्राधिकरण को भेजा गया है।
इस मामले में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की मंजूरी महत्वपूर्ण है। प्रस्ताव का वैज्ञानिक मूल्यांकन भारतीय वन्यजीव संस्थान (Wildlife Institute of India), देहरादून की राय के आधार पर किए जाने की बात भी सामने आई है।
वन विभाग का कहना है कि आगे की प्रक्रिया संबंधित संस्थानों की सिफारिशों और केंद्र की अनुमति के अनुसार ही होगी। फिलहाल इस प्रयोग को अंतिम मंजूरी मिलने का इंतजार है।
किसानों ने वन विभाग से की तत्काल कार्रवाई की मांग
चंद्रपुर में मानव-बाघ संघर्ष का मुद्दा अब स्थानीय ग्रामीणों और किसानों के लिए बड़ा सवाल बन गया है। इसी समस्या को लेकर महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता शोभाताई फडणवीस सैकड़ों किसानों के साथ चंद्रपुर वन विभाग के मुख्यालय पहुंचीं।
मुल तहसील के किसानों ने बाघों के हमलों और मवेशियों के शिकार की घटनाओं पर चिंता जताई। शोभाताई फडणवीस ने दावा किया कि महाराष्ट्र में करीब 500 बाघ हैं, जिनमें से लगभग 350 चंद्रपुर क्षेत्र में मौजूद हैं।
उन्होंने वन विभाग से बाघों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने, प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर बाघों को दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित करने जैसे कदम उठाने की मांग की।
क्या बाघों की नसबंदी से मानव-बाघ संघर्ष रुक जाएगा?
बाघों की प्रजनन क्षमता नियंत्रित करने का प्रस्ताव सामने आने के बाद वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई है। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि केवल नसबंदी से मानव-बाघ संघर्ष जैसी गंभीर समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कार्यकर्ताओं ने इस बात पर भी सवाल उठाए हैं कि बाघों की नसबंदी व्यावहारिक रूप से कितनी प्रभावी होगी और इसे लागू करना कितना आसान होगा।
उनका कहना है कि जंगलों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पहले से सुझाए गए उपायों को भी प्रभावी तरीके से लागू करना जरूरी है। इनमें प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ाना, समय पर चेतावनी देना, मवेशियों की सुरक्षा, वन क्षेत्रों का बेहतर प्रबंधन और बाघों की गतिविधियों पर नजर रखना शामिल है।
संरक्षण और इंसानी सुरक्षा के बीच संतुलन बड़ी चुनौती
चंद्रपुर में बाघों की नसबंदी का प्रस्ताव वन्यजीव संरक्षण और ग्रामीणों की सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने की चुनौती को सामने लाता है। बाघ जंगल के पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनका संरक्षण जरूरी है। वहीं जंगलों के आसपास रहने वाले लोगों की जान-माल की सुरक्षा भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
अब सभी की नजरें केंद्र सरकार के फैसले पर टिकी हैं। यदि अनुमति मिलती है, तो तीन बाघों पर प्रस्तावित शुरुआती प्रयोग के नतीजे भविष्य में वन्यजीव प्रबंधन की रणनीति को प्रभावित कर सकते हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट है कि बाघों की नसबंदी का प्रस्ताव अभी मंजूरी और वैज्ञानिक मूल्यांकन के चरण में है। इसे लागू करने या पूरे क्षेत्र में विस्तार देने का कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका! 16,717 पदों पर भर्ती, जानें आवेदन की आखिरी तारीख



























