रांची: एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए झारखंड के 7 वर्षीय ईशांक सिंह ने भारत और श्रीलंका के बीच स्थित खतरनाक 29 किलोमीटर लंबे पाल्क जलडमरूमध्य को लगभग 9 घंटे 50 मिनट में तैरकर पार कर लिया। उन्होंने 30 अप्रैल 2026 को करीब 29-30 किलोमीटर की दूरी तय की।
इस उपलब्धि के लिए उन्हें यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम (URF वर्ल्ड रिकॉर्ड्स) द्वारा “सबसे कम उम्र और सबसे तेज पाल्क स्ट्रेट तैराक” का खिताब दिया गया है।
इससे पहले ये रिकॉर्ड तमिलनाडु के जय जसवंत के नाम था। उन्होंने 28 मार्च 2019 को 10 साल की उम्र में श्रीलंका के तलैमन्नार से रामेश्वरम (धनुषकोडी) तक 30 किलोमीटर की दूरी 10 घंटे 30 मिनट में तैरकर पूरी की थी।
ईशांक की इस उपलब्धि पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने लिखा, “असाधारण प्रतिभा… मात्र 7 वर्ष की उम्र में झारखंड के छोटे ईशान ने श्रीलंका और भारत के बीच 29 किमी लंबे पाल्क स्ट्रेट को तैरकर इतिहास रच दिया है। उनकी सफलता अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण का शानदार उदाहरण है। उन्होंने न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।”
उन्होंने आगे लिखा, “ईशान, उनके परिवार और प्रशिक्षकों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं, जय जोहार।”
ईशांक सिंह रांची के श्यामली स्थित जवाहर विद्या मंदिर के कक्षा 3 के छात्र हैं। स्कूल ने भी इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि ये पूरे स्कूल परिवार के लिए गर्व का क्षण है। स्कूल के प्रिंसिपल बीएन झा ने कहा कि ईशांक की ये उपलब्धि स्कूल, रांची शहर और पूरे देश के लिए गर्व की बात है।
ईशांक के परिवार के अनुसार, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने रांची के धुर्वा डैम में रोजाना 4–5 घंटे कड़ी ट्रेनिंग की। उन्होंने अपने कोच अमन कुमार जायसवाल और बजरंग कुमार के मार्गदर्शन में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया।
परिवार के एक सदस्य ने कहा, “ये साहसिक उपलब्धि पूरे देश और झारखंड राज्य के लिए गर्व का विषय है और इसने तिरंगे का मान बढ़ाया है।”
ये भी पढ़ें: आगरा-वाराणसी वाली वंदे भारत ट्रेन के नाश्ते में मिला कीड़ा, शख्स ने की कार्रवाई की मांग




























