महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में एंटी पेपर लीक कानून की तैयारी, देवेंद्र फडणवीस ने दी जानकारी

एंटी पेपर लीक कानून, महाराष्ट्र, देवेंद्र फडणवीस
एंटी पेपर लीक कानून: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि राज्य विधानमंडल के मौजूदा मानसून सत्र के दौरान परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने से रोकने के लिए एक कानून बनाया जाएगा। फडणवीस ने राज्य विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान सरकारी नौकरियों में भर्ती के मुद्दे पर एक पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए यह घोषणा की।

विपक्ष का सरकार पर हमला

नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में राजनीति तेज हो गई है। विपक्षी दल सरकार पर हमलावर हैं और कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक रोहित पवार, भाजपा के आशीष शेलार और शिवसेना के भास्कर जाधव ने सरकार से सवाल किया कि क्या वह प्रश्न पत्रों के लीक होने के मामले रोकने के लिए कोई सख्त कानून बनाएगी।

फडणवीस का जवाब

फडणवीस ने कहा कि कानून बनाने के लिए इसी सत्र में विधेयक पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र ने पेपर लीक को लेकर पहले ही कानून बनाया है और राज्य में भी ऐसा ही कानून बनाने का फैसला किया गया है। कुछ दिन पहले छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा था कि हम इस संबंध में कानून लाना चाहते हैं और इसे इसी सत्र में लाया जाएगा।

परीक्षा प्रणाली में सुधार

फडणवीस ने कहा कि परीक्षाएं आयोजित करने वाले अधिकारियों ने अच्छा काम किया है। हालांकि, कुछ स्थानों पर गड़बड़ी की कोशिश की गई, जिसे विफल कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की अफवाहें गलत हैं और सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है।

कांग्रेस की मांग

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले ने शनिवार को कहा था कि राज्य सरकार को प्रश्नपत्र लीक होने से रोकने और दोषियों को दंडित करने के लिए सख्त कानून बनाना चाहिए। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्न पत्र लीक होने और अन्य परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोपों के मद्देनजर यह मांग की गई थी।

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में नए आपराधिक कानूनों के तहत पहला मामला दर्ज, जानें क्या है मामला?

You may also like