ब्रिटेन में हाल ही में हुए चुनावों में लेबर पार्टी की बड़ी जीत के बाद कीर स्टार्मर नए प्रधानमंत्री बने हैं। उनकी पत्नी, विक्टोरिया स्टार्मर, अब ब्रिटेन की फर्स्ट लेडी हैं। उनका नया पता 10 डाउनिंग स्ट्रीट है।
विक्टोरिया की पहचान
विक्टोरिया को उनके दोस्त लेडी विक्टोरिया या लेडी विक के नाम से जानते हैं। उन्होंने कीर स्टार्मर से 2007 में शादी की थी। विक्टोरिया ब्रिटेन की नेशनल हेल्थ सर्विस में ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट हैं और उन्हें बहुत ही जमीन से जुड़ा हुआ माना जाता है।
शादी और परिवार
विक्टोरिया और कीर की शादी एसेक्स के फेन्नेस एस्टेट में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं, एक 16 साल का बेटा और एक 13 साल की बेटी। कीर स्टार्मर अपने बच्चों के नाम सार्वजनिक रूप से नहीं बताते।
विक्टोरिया का पालन-पोषण उत्तरी लंदन के गॉस्पेल ओक के समृद्ध इलाके में हुआ। उनके पिता बर्नार्ड एक अर्थशास्त्र के लेक्चरर थे और बाद में चार्टर्ड अकाउंटेंट बने। विक्टोरिया की मां बारबरा यॉर्कशायर में जन्मी थीं और एक डॉक्टर थीं।
विक्टोरिया ने अपनी प्राथमिक शिक्षा गॉस्पेल ओक प्राइमरी स्कूल से की और हाईगेट के चैंनिंग स्कूल में पढ़ाई की। उन्होंने कार्डिफ यूनिवर्सिटी से कानून और समाजशास्त्र का अध्ययन किया।
पहली मुलाकात और प्यार की कहानी
कीर और विक्टोरिया की पहली मुलाकात की कहानी भी रोचक है। दोनों वकील के तौर पर काम करते थे और एक केस के सिलसिले में मिले थे। कीर को केस के दस्तावेजों की सत्यता पर संदेह हुआ, जिसे विक्टोरिया ने तैयार किया था। कीर ने विक्टोरिया से इस बारे में फोन पर बात की। विक्टोरिया को लगा कि फोन रख दिया गया है और उन्होंने कहा, “वह कौन है, खुद को क्या समझता है।” इसके बाद दोनों की मुलाकातें बढ़ीं और वे प्यार में पड़ गए।
केट मिडलटन से तुलना
विक्टोरिया की तुलना अक्सर प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन से की जाती है। दोनों ही बहुत खूबसूरत हैं और उनका ड्रेसिंग सेंस कमाल का है। चुनाव के दिन विक्टोरिया एक शानदार कॉटन-पॉपलिन शर्ट ड्रेस में नजर आई थीं, जो केट मिडलटन भी पहन चुकी हैं।
ये भी पढ़ें: लुधियाना में तलवारों की नोंक पर राजनीति: निहंग बने हमलावरों ने शिवसेना नेता पर किया वार, पंजाब में मचा हंगामा