ऑनटीवी स्पेशल

कोरोना के 5 साल बाद चीन में फिर एक नई महामारी ने दी दस्तक, इस बार बच्चों और बुजुर्गों को बना रही शिकार!

चीन
Image Source - Web

चीन में नया वायरस (New Virus in China) फिर से चर्चा में है। सोशल मीडिया पर दावे किए जा रहे हैं कि चीन में एक नई महामारी ने पैर पसार लिए हैं। अस्पतालों में भीड़, अंतिम संस्कार की लंबी कतारें, और रहस्यमय वायरस के फैलने की खबरें हवा में तैर रही हैं। लेकिन क्या ये सच में एक नई महामारी है, या सिर्फ अफवाह? आइए जानते हैं।

क्या है नई बीमारी की चर्चा?
सोशल मीडिया, खासकर एक्स प्लेटफॉर्म (X Platform) पर कई वीडियो और पोस्ट शेयर हो रहे हैं। इनमें दावा किया जा रहा है कि चीन में hMPV (Human Metapneumovirus) और अन्य वायरस के कारण भारी संख्या में लोग संक्रमित हो रहे हैं।

जानकारी हो कि hMPV कोई नया वायरस नहीं है। इसकी पहचान 2001 में हो चुकी थी। ये मुख्य रूप से बच्चों और बुजुर्गों को प्रभावित करता है। सोशल मीडिया पर इसे नया वायरस बताकर डर फैलाया जा रहा है।

क्या hMPV खतरनाक है?
hMPV सांस की बीमारी फैलाने वाला एक वायरस है। ये सर्दियों में अधिक सक्रिय हो जाता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में इसका खतरा ज्यादा होता है क्योंकि इनकी इम्यूनिटी (Immunity) कमजोर होती है। यह वायरस सामान्य फ्लू की तरह ही लक्षण दिखाता है, जैसे- बुखार, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसी परेशानियां। जिन लोगों को पहले से अस्थमा या सीओपीडी जैसी बीमारियां हैं, उनके लिए ये वायरस ज्यादा खतरनाक हो सकता है।

क्या चीन में महामारी फैल चुकी है?
ये कहना अभी मुश्किल है। टीओआई (TOI) की रिपोर्ट के अनुसार, चीन में सांस संबंधी बीमारियों के मामले बढ़े हैं, लेकिन चीनी सरकार या विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे महामारी घोषित नहीं किया है। सर्दियों में फ्लू और hMPV जैसी बीमारियां सामान्य हैं। बच्चों और बुजुर्गों में इसका प्रभाव ज्यादा होता है क्योंकि ठंड में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है।

सोशल मीडिया पर क्या कहा जा रहा है?
सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें अस्पतालों में भीड़ दिख रही है। लेकिन इन वीडियो की सत्यता पर सवाल उठ रहे हैं। ये साफ नहीं है कि ये वीडियो हाल के हैं या पुराने। अगर महामारी का इतना बड़ा खतरा होता, तो WHO या चीनी सरकार इसकी जानकारी जरूर देती।

क्या हमें सतर्क रहना चाहिए?
सर्दियों में किसी भी तरह की संक्रामक बीमारी से बचने के लिए सतर्कता जरूरी है। ठंड में सांसों से जुड़ी बीमारियां बढ़ती ही हैं। बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखना चाहिए।

घर के अंदर गर्म माहौल बनाए रखें।
फ्लू के लक्षण दिखें तो डॉक्टर से संपर्क करें।
खुद को और आसपास के लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए मास्क पहनें।

चीन में नया वायरस (New Virus in China) फिलहाल एक अफवाह की तरह लग रहा है। hMPV नया नहीं है, और ये हर साल सर्दियों में सक्रिय होता है। सोशल मीडिया पर दिखाए जा रहे वीडियो और दावों की सत्यता की जांच अभी बाकी है। जब तक WHO या अन्य विश्वसनीय स्रोत इसकी पुष्टि नहीं करते, इसे नई महामारी कहना सही नहीं होगा।

ये भी पढ़ें: शरीर का सबसे गर्म अंग कौन सा है? कड़ाके की ठंड में भी 37 डिग्री रहता है पारा

You may also like