देश-विदेश

मुंबई: भांडुप में शादी की दावत बनी मुसीबत, दूल्हा-दुल्हन समेत 30 से ज्यादा लोग बीमार, 27 अस्पताल में भर्ती

भांडुप
Image Source - Web

मुंबई के भांडुप इलाके में शादी की खुशियां उस वक्त मातम और अफरातफरी में बदल गईं, जब शादी का खाना खाने के बाद दूल्हा-दुल्हन समेत 30 से अधिक मेहमानों की तबीयत बिगड़ गई। लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। मुलुंड के अग्रवाल अस्पताल में 7 बच्चों समेत कुल 27 लोगों को भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है।

शादी के खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, भांडुप में शादी समारोह संपन्न होने के बाद मेहमानों ने खाना खाया। कुछ समय बाद ही कई लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की परेशानी होने लगी। देखते ही देखते बीमार पड़ने वाले लोगों की संख्या बढ़ गई। हालात बिगड़ने पर दूल्हा-दुल्हन सहित दोनों परिवारों के सदस्यों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।

अग्रवाल अस्पताल में 27 मरीज भर्ती

मुलुंड स्थित बीएमसी के अग्रवाल अस्पताल में रात करीब 11:40 बजे एक के बाद एक मरीज पहुंचने लगे। अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर के अनुसार, यहां कुल 27 लोगों को भर्ती कराया गया है। इनमें 11 महिलाएं, 9 पुरुष और 7 बच्चे शामिल हैं।

डॉक्टरों ने सभी मरीजों को प्राथमिक उपचार और जरूरी दवाएं दी हैं। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई गई है। उल्टी और शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन को नियंत्रित करने के लिए मरीजों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

कैटरिंग सर्विस पर लगा लापरवाही का आरोप

इस घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने शादी में खाना उपलब्ध कराने वाली कैटरिंग सर्विस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि मेहमानों को खराब या बासी खाना परोसा गया था। एक रिश्तेदार के मुताबिक, समारोह के आखिर में दूल्हा-दुल्हन और मेहमानों को खोया परोसा गया था, जिसके बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।

परिवारों ने महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त तुकाराम मुंडे और मुंबई पुलिस से मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही, यदि कैटरिंग सर्विस की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और लाइसेंस रद्द करने की मांग भी की गई है।

फिलहाल खाने की गुणवत्ता और बीमारी के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इतने लोगों की तबीयत बिगड़ने के पीछे आखिर क्या वजह थी।

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र FDA का बड़ा एक्शन: 5 करोड़ का खाद्य सामान जब्त, Blinkit और Reliance के लाइसेंस सस्पेंड

You may also like