देश-विदेश

मैदान पर जीत, ICC के सामने हार! Shaheen Afridi की टीम पर लगा 5% मैच फीस का जुर्माना

Shaheen Afridi
Image Source - Web

पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर घरेलू मैदान पर वनडे ट्राई सीरीज का खिताब जरूर अपने नाम कर लिया, लेकिन जीत के बाद भी टीम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की कार्रवाई का सामना करना पड़ा। लाहौर में खेले गए फाइनल मुकाबले में निर्धारित समय के भीतर पूरे ओवर नहीं कर पाने के कारण पाकिस्तान के खिलाड़ियों पर मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। टीम के कप्तान शाहीन शाह आफरीदी (Shaheen Afridi) ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए ICC की सजा भी मान ली है।

एक ओवर पीछे रह गई पाकिस्तानी टीम

ICC की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, शनिवार को लाहौर में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले गए ट्राई सीरीज के फाइनल में मेजबान टीम निर्धारित समय में एक ओवर कम कर पाई थी। मैच रेफरी जेफ क्रो ने समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद ये फैसला सुनाया।

ये मामला ICC की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत आता है। इस नियम के अनुसार, निर्धारित समय में जितने ओवर कम किए जाते हैं, उसके हिसाब से खिलाड़ियों की मैच फीस पर जुर्माना लगाया जाता है। एक ओवर कम होने पर प्रत्येक खिलाड़ी की मैच फीस का 5 प्रतिशत काटा जाता है।

शाहीन आफरीदी ने स्वीकार की गलती

पाकिस्तान के कप्तान शाहीन शाह आफरीदी (Shaheen Afridi) ने धीमी ओवर गति से जुड़े आरोप को स्वीकार कर लिया और ICC की ओर से प्रस्तावित जुर्माने पर सहमति जताई। इस वजह से मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

मैच के दौरान मैदानी अंपायर एहसान रजा और वेन नाइट्स के अलावा थर्ड अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और फोर्थ अंपायर राशिद रियाज ने धीमी ओवर गति का मामला उठाया था।

फखर जमान के शतक से पाकिस्तान ने जीता फाइनल

जुर्माने के बावजूद पाकिस्तान के लिए ये मुकाबला बेहद यादगार रहा। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 325 रन बनाए थे। श्रीलंका की ओर से कामिंदु मेंडिस ने 131 रन और पवन रत्नायके ने 77 रनों की शानदार पारी खेली।

326 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बाबर आजम बिना खाता खोले आउट हो गए, लेकिन इसके बाद फखर जमान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 99 गेंदों पर 127 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 6 छक्के शामिल रहे।

फखर जमान को साद बेग का भी अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 74 रन बनाए। इसके बाद अराफात मिन्हास ने 31 गेंदों पर 61 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर मुकाबले का रुख पाकिस्तान की ओर मोड़ दिया। पाकिस्तान ने 48.3 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और श्रीलंका को 3 विकेट से हराकर ट्राई सीरीज का खिताब जीत लिया।

इस तरह पाकिस्तान ने मैदान पर खिताबी जीत का जश्न मनाया, लेकिन धीमी ओवर गति के कारण टीम को आर्थिक जुर्माना भी झेलना पड़ा।

You may also like