गोवा और कर्नाटक के यात्रियों के लिए रेलवे से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। मडगांव से मंगलोर सेंट्रल के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवा समाप्त करने की तैयारी है। इसकी जगह मडगांव से बेंगलुरु के यशवंतपुर स्टेशन के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की योजना बनाई गई है। रेलवे बोर्ड ने इस नई ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी है। नई ट्रेन शुरू होने के बाद मौजूदा मडगांव-मंगलोर वंदे भारत को बंद कर दिया जाएगा।
मडगांव से यशवंतपुर के बीच चलेगी नई वंदे भारत
रेलवे बोर्ड के कोचिंग डायरेक्टरेट से मिली मंजूरी के मुताबिक, नई वंदे भारत एक्सप्रेस मडगांव और यशवंतपुर के बीच चलेगी। इस ट्रेन का नंबर 26655/26656 प्रस्तावित किया गया है। ये ट्रेन गोवा, कर्नाटक के तटीय इलाकों और बेंगलुरु के बीच रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मदद करेगी।
नई ट्रेन के रास्ते में कई प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थल भी आएंगे। इससे यात्रियों को गोवा से कर्नाटक के अलग-अलग शहरों तक पहुंचने का एक तेज और सुविधाजनक विकल्प मिल सकता है।
क्या होगा नई वंदे भारत का टाइम टेबल?
प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार, मडगांव से यशवंतपुर जाने वाली ट्रेन सुबह 8:20 बजे रवाना होगी और रात 9:15 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।
रास्ते में ट्रेन कारवार, गोकर्ण रोड, मुर्देश्वर, मूकाम्बिका रोड बिंदूर, कुंडापुरा, उडुपी, मंगलोर जंक्शन, कबाका पुट्टूर, सुब्रमण्या रोड, सकलेशपुर, हासन और श्रवणबेलगोला स्टेशनों पर रुकेगी।
वापसी में यशवंतपुर से ट्रेन सुबह 7:35 बजे रवाना होगी। निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए यह रात 8:55 बजे मडगांव पहुंचेगी।
सप्ताह में छह दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे बोर्ड के सर्कुलर के अनुसार, नई वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन संचालित की जाएगी। यशवंतपुर से यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को नहीं चलेगी, जबकि मडगांव से इसकी सेवा गुरुवार को उपलब्ध नहीं होगी।
इस तरह यात्रियों को सप्ताह के छह दिन दोनों शहरों के बीच वंदे भारत ट्रेन की सुविधा मिलेगी।
क्यों बंद होगी मडगांव-मंगलोर वंदे भारत?
फिलहाल मडगांव और मंगलोर सेंट्रल के बीच 20645/20646 नंबर की वंदे भारत एक्सप्रेस चलती है। नई मडगांव-यशवंतपुर वंदे भारत शुरू होने के बाद इस ट्रेन की सेवा समाप्त कर दी जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, दोनों ट्रेनों का रूट काफी हद तक एक जैसा है। ऐसे में एक ही मार्ग पर दो वंदे भारत ट्रेन चलाने के बजाय नई ट्रेन को यशवंतपुर तक विस्तारित कनेक्टिविटी देने की योजना बनाई गई है। इससे गोवा और कर्नाटक के तटीय इलाकों के साथ बेंगलुरु के बीच सीधा रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
कब से शुरू होगी नई वंदे भारत?
नई ट्रेन को रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन इसके परिचालन की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। सर्कुलर के मुताबिक, जरूरी तैयारियां पूरी होने के बाद ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। इसलिए यात्रियों को इसके नियमित परिचालन और मौजूदा ट्रेन की सेवा समाप्त होने की आधिकारिक तारीख का इंतजार करना होगा।
वाराणसी-दिल्ली के बीच शुरू हुई वंदे भारत स्लीपर सेवा
इसी बीच रेलवे ने 31 अक्टूबर को वाराणसी से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर सेवा भी शुरू की है। इस मार्ग पर पहले से दो वंदे भारत चेयर कार ट्रेनें चल रही हैं। नई स्लीपर ट्रेन में यात्रियों को राजधानी एक्सप्रेस की तरह सोने के लिए बर्थ की सुविधा मिलेगी।
रेलवे लगातार वंदे भारत नेटवर्क का विस्तार कर रहा है। मडगांव-यशवंतपुर के बीच प्रस्तावित नई ट्रेन भी इसी दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। हालांकि, यात्रियों के लिए सबसे जरूरी बात ये है कि नई ट्रेन की शुरुआत और पुरानी सेवा बंद होने की तारीख की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जाए।
ये भी पढ़ें: लातूर में देह व्यापार के रैकेट का पर्दाफाश, 21 साल की युवती को कराया गया मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार






























