मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में इस साल दिवाली के दौरान आग लगने की घटनाओं में चिंताजनक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले सात दिनों में शहर में आग लगने की 630 से अधिक घटनाएं सामने आई हैं। इनमें 450 से ज्यादा घटनाएं पटाखों की वजह से हुई हैं। इन हादसों में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं।
मुंबई फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के मुताबिक, दिवाली के दौरान पटाखों के कारण आग लगने की घटनाओं ने पिछले वर्षों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, 6 से 9 नवंबर के बीच ही पटाखों की वजह से आग लगने की करीब 200 घटनाएं दर्ज की गईं।
पिछले वर्षों के मुकाबले तेजी से बढ़े मामले
अगर पिछले दो वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2024 में दिवाली के दौरान मुंबई में आग लगने की कुल 262 घटनाएं हुई थीं, जिनमें 80 घटनाएं पटाखों से जुड़ी थीं। वहीं, 2025 में कुल 289 आग की घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 113 पटाखों के कारण हुई थीं।
इस साल दिवाली की रात ही आग लगने की 142 घटनाएं सामने आईं। लगातार बढ़ते हादसों ने शहर की फायर सेफ्टी व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पटाखों से आग लगने की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
आग की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने पटाखे फोड़ते समय सावधानी बरतने की अपील की है। खासतौर पर रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले पटाखों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए प्रतिबंध भी लगाए गए हैं।
लगातार सामने आ रही घटनाएं इस बात की ओर इशारा करती हैं कि त्योहारों के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ये भी पढ़ें: मुंबई को बम धमाकों से उड़ाने की धमकी! ईमेल में Amitabh Bachchan के बंगले और मेयर ऑफिस का जिक्र





























