मुंबई

8 साल पहले ही अमिताव घोष ने कर दी थी भविष्यवाणी, मुंबई के होर्डिंग बनेंगे काल!

अमिताव घोष
Image Source - Web

मुंबई के घाटकोपर में हुए भयानक होर्डिंग हादसे के बाद लेखक अमिताव घोष की 8 साल पुरानी भविष्यवाणी वायरल हो रही है। उन्होंने अपनी किताब में होर्डिंग्स को ‘घातक प्रोजेक्टाइल’ कहा था।

2016 में प्रकाशित अपनी किताब ‘द ग्रेट डीरेंजमेंट: क्लाइमेट चेंज एंड द अनथिंकेबल’ में अमिताव घोष ने चेतावनी दी थी कि मुंबई में लगे हजारों होर्डिंग तेज तूफान में जानलेवा साबित हो सकते हैं। और सोमवार को घाटकोपर में हुआ हादसा उनकी इस भविष्यवाणी को सच साबित करता है।

क्या कहा था अमिताव घोष ने?

अमिताव घोष ने अपनी किताब में लिखा था, “अगर मुंबई में कोई बड़ा तूफान आया तो यहां लगे हजारों होर्डिंग जानलेवा प्रोजेक्टाइल बन सकते हैं।” इस हादसे के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी इस चेतावनी को दोहराया और कहा कि मुंबई को होर्डिंग्स की संख्या कम करने की जरूरत है।

घाटकोपर हादसे का हाल

घाटकोपर में एक पेट्रोल पंप पर 120×120 फीट का होर्डिंग गिरने से 16 लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में से 44 अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।

किस पर दर्ज हुई FIR?

इस हादसे के बाद अवैध होर्डिंग लगाने के आरोप में ईगो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर भावेश प्रभुदास भिड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। भिड़े पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं, जिनमें एक हालिया रेप का मामला भी शामिल है।

ये घटना दिखाती है कि हमारी लापरवाही और नियमों की अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है। अमिताव घोष की चेतावनी को नजरअंदाज करना अब हमें महंगा पड़ रहा है। हादसे के बाद बीएमसी अधिकारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई की होती, तो ये हादसा टाला जा सकता था।

ये भी पढ़ें: जोंटी रोड्स ने मुंबई वालों को लगाई फटकार, बोले – कोस्टल रोड को रेसिंग ट्रैक समझ लिया है क्या?

You may also like