भांडुप BEST बस हादसा: मुंबई के भांडुप इलाके में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। भांडुप पश्चिम स्थित स्टेशन रोड पर BEST बस अड्डे के पास रिवर्स लेते समय एक BEST बस का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बस पीछे खड़े यात्रियों को कुचलती चली गई। इस हादसे में अब तक 4 लोगों के मौत की खबर है, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
कैसे हुआ भांडुप BEST बस हादसा?
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा सोमवार (29 दिसंबर) रात करीब 10 बजे हुआ। उस समय बस अड्डे पर कई यात्री बस पकड़ने के लिए लाइन में खड़े थे। इसी दौरान BEST बस का चालक बस को रिवर्स कर रहा था, तभी अचानक उसका नियंत्रण बस पर से हट गया। तेज रफ्तार में पीछे जाती बस ने यात्रियों को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही सेकंड में बस कई लोगों को अपनी चपेट में ले चुकी थी। हादसा इतना भयावह था कि लोग इधर-उधर जान बचाने के लिए भागने लगे।
हादसे में 4 की मौत, 10 घायल
जोन-7 के डीसीपी हेमराज राजपूत ने बताया कि इस हादसे में 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 10 लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए मुंबई के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मृतकों में 3 महिलाएं शामिल हैं। राजावाड़ी अस्पताल में एक करीब 31 वर्षीय अज्ञात महिला को मृत घोषित किया गया, वहीं एमटी अग्रवाल अस्पताल में 3 अन्य लोगों को मृत अवस्था में लाया गया। एक घायल प्रशांत लाड (51 वर्ष) की हालत गंभीर बताई जा रही है।
View this post on Instagram
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि भांडुप रेलवे स्टेशन के पास हुई इस दुर्घटना में 4 लोगों की मौत बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
बस चालक हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे के पीछे लापरवाही, तकनीकी खराबी या अन्य कारणों की गहन जांच की जा रही है।
BEST अधिकारियों की चुप्पी
हादसे के बाद BEST के जनसंपर्क अधिकारी और महाप्रबंधक से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।
जांच की मांग, प्रशासन पर सवाल
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा सांसद वर्षा गायकवाड़ ने इस दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि खराब हालत की बसें, प्रशिक्षित चालकों की कमी और BEST में सुधार के लिए निवेश न करना यात्रियों की जान को खतरे में डाल रहा है।
राहत एवं बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, फायर ब्रिगेड, BEST के अधिकारी और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गए। तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल, हादसे में मारे गए लोगों की विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। ये घटना एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
ये भी पढ़ें: जब मगरमच्छ ले गया बंदर, तो नदी में कूद पड़ी पूरी ‘वानर सेना’ – ओडिशा से इंसानियत सिखाने वाला दृश्य































