महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) में इस बार बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल रहा है। पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) से मेयर चुना जाएगा। बीजेपी की वरिष्ठ पार्षद रितु तावड़े BMC की अगली मेयर होंगी। वहीं शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के संजय शंकर घाड़ी को डिप्टी मेयर पद के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया है।
मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने रितु तावड़े के नाम की आधिकारिक घोषणा की है।
रितु तावड़े का राजनीतिक सफर
रितु तावड़े मुंबई की राजनीति में एक जाना-पहचाना चेहरा हैं।
वर्ष 2012 में वो वार्ड नंबर 127 से पहली बार पार्षद चुनी गईं।
2017 में उन्होंने घाटकोपर के वार्ड नंबर 121 से जीत दर्ज की।
2025 के चुनाव में वो वार्ड नंबर 132 से लगातार तीसरी बार निर्वाचित हुईं।
वो पहले BMC की शिक्षा समिति (Education Committee) की अध्यक्ष रह चुकी हैं और शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों में सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं। वर्तमान में वो महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष भी हैं।
क्षेत्र में मजबूत पकड़
रितु तावड़े घाटकोपर क्षेत्र से लगातार तीन बार पार्षद चुनी गई हैं। मराठा समुदाय से होने के बावजूद उन्होंने गुजराती बहुल वार्ड में भी मजबूत जनाधार बनाया है। उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए पहचाना जाता है।
राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो उन्होंने 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था, जिसके बाद से वो पार्टी में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
शिवसेना से डिप्टी मेयर उम्मीदवार घोषित
शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने BMC के उपमहापौर पद के लिए संजय शंकर घाड़ी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देश पर उन्हें शिवसेना-भाजपा महायुति का आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया गया है। ये पद सवा वर्ष की अवधि के लिए होगा।
मुंबई नगर निगम चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी
हालिया मुंबई नगर निगम चुनाव परिणामों में बीजेपी 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। शिवसेना के शिंदे गुट को 29 सीटें मिली हैं। इन आंकड़ों के साथ महायुति बहुमत के बेहद करीब पहुंच गई है।
राजनीतिक समीकरणों के तहत पहले से ही तय माना जा रहा था कि मेयर पद बीजेपी के खाते में जाएगा, जबकि डिप्टी मेयर पद शिवसेना (शिंदे गुट) को मिलेगा।
मुंबई की राजनीति में नया अध्याय
BMC में बीजेपी की मेयर और शिवसेना (शिंदे गुट) के डिप्टी मेयर के साथ मुंबई की नगर राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। आने वाले समय में शहर के विकास, बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक फैसलों पर इस नई नेतृत्व टीम की भूमिका अहम रहेगी।
ये भी पढ़ें: मालेगांव मेयर चुनाव 2026: इस्लाम पार्टी की नसरीन बानो शेख बनीं नई मेयर, शिवसेना की लता घोडके को 25 वोटों से हराया





























