मुंबई के दादर में एक 54 साल के शख्स ने 98 साल के डॉक्टर और उनके परिवार को 42.50 लाख रुपये का चूना लगा दिया। इस शातिर ठग ने खुद को आयरलैंड के पूर्व पीएम लियो वराडकर का कज़िन बताया था।
कैसे हुआ फ्रॉड?
आरोपी संजय दत्तात्रेय सातम ने 2022 में एक मेडिकल कैंप में डॉक्टर से मुलाकात की थी। उसने खुद को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पीएचडी और सुप्रीम कोर्ट में वकील बताया। डॉक्टर को उसने ये भी झांसा दिया कि वो पहले भारत का फ्रांस और पुर्तगाल में वाणिज्य दूत रह चुका है और आयरलैंड के पूर्व पीएम लियो वराडकर उसका कज़िन है।
डॉक्टर और परिवार का जीता भरोसा
ठग ने डॉक्टर को पुणे में चल रहे एक प्रॉपर्टी विवाद को सुलझाने का झांसा दिया। धीरे-धीरे वो डॉक्टर और उसके परिवार के करीब आ गया। डॉक्टर को नजर की समस्या थी और उनके बेटे-बेटी डिप्रेशन से जूझ रहे थे, इस बात का फायदा उठाकर सातम ने उनके बैंक से जुड़े काम भी अपने हाथ में ले लिए।
बैंक अकाउंट से उड़ाए लाखों
2023 में डॉक्टर को पता चला कि सातम उनके और उनके बेटे के बैंक अकाउंट से पैसे निकाल रहा है। उन्होंने बैंक स्टेटमेंट निकलवाया तो पता चला कि 42.50 लाख रुपये आरोपी के अकाउंट में ट्रांसफर हो चुके हैं।
आरोपी फरार
जब डॉक्टर ने सातम को इस बारे में पूछा तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। उसने पैसे वापस करने का वादा किया, लेकिन बाद में मुकर गया। डॉक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोपी अब फरार है।
पुलिस कर रही है तलाश
भोईवाड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
ये भी पढ़ें: हम्पी के विरुपाक्ष मंदिर का हिस्सा ढहा, क्या है इस प्राचीन मंदिर की कहानी?