Corona in Maharashtra: महाराष्ट्र में एक बार फिर कोरोना वायरस का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्य में गुरुवार (5 जून 2025) को 105 नए कोविड पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें मुंबई में 32 और पुणे मनपा क्षेत्र में 33 मामले शामिल हैं। इसके साथ ही, राज्य में सक्रिय मरीजों की कुल संख्या 526 हो गई है।
महाराष्ट्र के इन जिलों में मिले नए मामले
स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न जिलों में दर्ज किए गए कोविड पॉजिटिव मामलों की जानकारी साझा की है:
- मुंबई: 32
- पुणे मनपा: 33
- ठाणे मनपा: 14
- ठाणे: 1
- नवी मुंबई: 9
- नाशिक: 1
- पुणे ग्रामीण: 4
- पिंपरी-चिंचवड मनपा: 4
- सातारा: 5
- छत्रपती संभाजीनगर मनपा: 1
- नागपुर मनपा: 1
महाराष्ट्र में सक्रिय मामले और मृत्यु दर
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, वर्तमान में महाराष्ट्र में कुल 526 सक्रिय कोविड मामले हैं। जनवरी 2025 से अब तक 17 मरीजों की मृत्यु दर्ज की गई है, जिनमें से 16 की मृत्यु गंभीर बीमारी और 1 अन्य कारणों से हुई। मृतकों में से एक मरीज को क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD), क्रॉनिक ब्रोंकाइटिस, और कार्डियक अतालता की समस्या थी। अधिकांश मृतकों में सह-रुग्णता (Co-morbidities) की स्थिति देखी गई है।
कोविड टेस्टिंग और रिकवरी
जनवरी 2025 से अब तक महाराष्ट्र में कुल 13,707 कोविड टेस्ट किए गए हैं, जिनमें से 1,064 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। अच्छी खबर ये है कि अब तक 521 मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, अधिकांश सक्रिय मामलों में संक्रमण की गंभीरता हल्की है, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है।
स्वास्थ्य विभाग की सलाह
स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से सावधानी बरततने की अपील की है। मास्क पहनने, सामाजिक दूरी बनाए रखने और नियमित रूप से हाथ धोने जैसे एहतियात बरतने की सलाह दी है। साथ ही, बीमार होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की सिफारिश की गई है।
ये भी पढ़ें: Crime News: 9 साल पहले हुई थी पत्नी की हत्या, लेकिन नगर निगम ने मृत्यु प्रमाण पत्र देने से मना कर दिया































