मुंबई

मुंबई के इस इलाके में पतंगबाजी पर लगी रोक, सुरक्षा कारणों से प्रशासन का फैसला

मुंबई
Image Source - Web

मुंबई के कोलाबा इलाके में नौसेना के एयर स्टेशन आईएनएस शिक्रा के आसपास पतंग उड़ाने पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने आजाद नगर और सुंदर नगर को “सेफ एंड फ्री फ्लाइट जोन” घोषित करते हुए पतंगबाजी पर पाबंदी लगाने का आदेश जारी किया है।

क्यों लगाई गई रोक?
रिपोर्ट्स के अनुसार, इन क्षेत्रों में लोग पतंग उड़ा रहे थे, जबकि यही इलाका नौसेना की हवाई गतिविधियों के लिए बेहद संवेदनशील माना जाता है। आईएनएस शिक्रा पर नियमित रूप से हेलीकॉप्टर और विमान की लैंडिंग और टेकऑफ होती है। ऐसे में पतंग उड़ाने जैसी गतिविधियां उड़ान सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती हैं और गंभीर हादसे का कारण भी बन सकती हैं।

नौसेना और पुलिस की सख्ती
पश्चिमी नौसैनिक कमान के तहत आने वाले क्षेत्रों में पतंगबाजी की घटनाओं पर सुरक्षा एजेंसियों ने गंभीर आपत्ति जताई है। इसके बाद प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए पतंग उड़ाने पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे आदेश का पालन करें और किसी भी तरह की खतरनाक गतिविधि से बचें।

क्यों नौसेना के लिए खास है कोलाबा?
कोलाबा, मुंबई का दक्षिणी हिस्सा है और नौसेना के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां स्थित नेवी नगर भारतीय नौसेना का प्रमुख आवासीय और प्रशासनिक क्षेत्र है। इसके पास ही आईएनएस शिक्रा हेलीपोर्ट है, जिसका इस्तेमाल चेतक, सी किंग और कामोव जैसे नौसैनिक हेलीकॉप्टरों के लिए किया जाता है।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन का ये कदम नौसैनिक विमानों की उड़ान सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी कर सकती है।

ये भी पढ़ें: बीड में चॉकलेट बनी मासूम की मौत की वजह, 7 महीने की बच्ची ने तोड़ा दम

You may also like