महाराष्ट्र की राजनीति इन दिनों डोंबिवली की एक घटना को लेकर गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता और नेता प्रकाश उर्फ मामा पगारे को बीच सड़क पर जबरन साड़ी पहनाने के मामले ने राज्यभर में चर्चा छेड़ दी है। ये कदम भाजपा पदाधिकारियों द्वारा उठाए जाने का आरोप है। घटना के बाद से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है और अब खुद राहुल गांधी की दखल ने इस मुद्दे को और तूल दे दिया है।
राहुल गांधी का फोन और भावुक मामा पगारे
इस प्रकरण के बाद मामा पगारे वर्तमान में अस्पताल में भर्ती हैं। गुरुवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सीधे अस्पताल में भर्ती मामा पगारे से फोन पर बातचीत की। राहुल ने कहा, “मामा, आप घबराइए मत। कांग्रेस पार्टी आपके साथ है। आपने 50 सालों से कांग्रेस की सेवा की है, हमें आप पर गर्व है।”
राहुल गांधी की इस बात पर मामा पगारे भावुक हो गए और उन्होंने राहुल से मुंबई आने पर मुलाकात का आग्रह भी किया।
मामला कैसे शुरू हुआ?
दरअसल, विवाद की जड़ मामा पगारे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एडिटेड फोटो फॉरवर्ड करना बताया जा रहा है। इसी के बाद भाजपा पदाधिकारियों ने उन्हें बीच बाजार बुलाकर सड़क पर साड़ी पहनाने की कोशिश की और धमकाया। इस घटना की तस्वीरें और चर्चाएं तेजी से फैल गईं और देखते-देखते ये मामला स्थानीय स्तर से उठकर राज्य और राष्ट्रीय राजनीति का मुद्दा बन गया।
कांग्रेस का रुख और पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी महाराष्ट्र कांग्रेस नेता बालासाहेब थोरात ने राहुल गांधी तक पहुंचाई थी। इसके बाद राहुल ने खुद मामा पगारे से संपर्क साधा। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की हरकत से भाजपा की हताशा झलकती है।
इस मामले में कल्याण पुलिस ने FIR दर्ज की है और जांच जारी है। अस्पताल में मौजूद मामा पगारे का बयान भी दर्ज किया गया है। पगारे ने कहा कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने सबसे पहले बालासाहेब थोरात को फोन किया था और यकीन है कि राहुल गांधी जल्द ही उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे।
क्यों महत्वपूर्ण है ये घटना?
डोंबिवली की ये घटना सिर्फ स्थानीय विवाद नहीं रही, बल्कि अब ये राजनीतिक ध्रुवीकरण का मुद्दा बन चुकी है। कांग्रेस इसे लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बता रही है, वहीं भाजपा की ओर से इस पर अभी तक कोई बड़ा आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें: मुंबई में दिल दहला देने वाला हत्याकांड: बेटे ने रची पिता की हत्या की साजिश, तीन गिरफ्तार