गोवा और महाराष्ट्र की राजनीति में इस समय नया विवाद खड़ा हो गया है। महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबू आसिम आजमी के बेटे अबू फरहान आजमी और अन्य लोगों के खिलाफ गोवा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर झगड़ा करने और शांति भंग करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
गोवा में अबू फरहान आजमी पर केस दर्ज
गोवा पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि कैंडोलिम, नॉर्थ गोवा में एक सुपरमार्केट के पास झगड़ा हुआ है। इस दौरान अबू फरहान आजमी ने स्थानीय लड़कों को बताया कि वो वैध लाइसेंसधारी हथियार लेकर चल रहा है।
पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों को कालनगुट पुलिस स्टेशन लाया गया। हालांकि, दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने मेडिकल चेकअप के लिए उन्हें जिला अस्पताल मापुसा ले जाने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्ष वहां जाने को तैयार नहीं हुए।
किस धारा के तहत मामला दर्ज?
पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर झगड़ा करने, शांति भंग करने और विवाद खड़ा करने के कारण मामला दर्ज किया है। पुलिस उप निरीक्षक परेश सिनारी ने इस मामले का संज्ञान लिया और अबू फरहान आजमी, ज़िऑन फर्नांडीस, जोसेफ फर्नांडीस, श्याम और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 160 के तहत मामला दर्ज किया।
अबू आजमी का औरंगजेब पर बयान, बढ़ा विवाद
वहीं, मुंबई में अबू फरहान आजमी के पिता और सपा विधायक अबू आजमी भी विवादों में घिर गए हैं। दरअसल, अबू आजमी ने सोमवार को मुगल शासक औरंगजेब को लेकर बयान दिया, जिसमें उन्होंने उसे क्रूर शासक मानने से इनकार कर दिया।
अबू आजमी का बयान
“औरंगजेब के शासनकाल में भारत ‘सोने की चिड़िया’ था। उन्होंने कई मंदिरों का निर्माण कराया था।” इस बयान के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक घमासान मच गया।
शिवसेना (शिंदे गुट) ने कराई FIR, सपा पर निशाना
अबू आजमी के इस बयान को लेकर शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद नरेश म्हास्के ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसके अलावा, यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “सपा में औरंगजेब की आत्मा घुस गई है।”
देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग
शिवसेना (शिंदे गुट) के प्रवक्ता किरण पावसकर ने मुंबई में अबू आजमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और उन पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की।
महाराष्ट्र विधानसभा में उठा मुद्दा
अबू आजमी के बयान से उपजा विवाद अब महाराष्ट्र विधानसभा तक पहुंच गया है। बीजेपी और शिवसेना (शिंदे गुट) के नेताओं ने इस मुद्दे को सदन में उठाने की मांग की है।
गौरतलब है कि अबू फरहान आजमी पर दर्ज गोवा पुलिस का मामला और अबू आजमी के औरंगजेब पर दिए गए बयान ने महाराष्ट्र और गोवा की राजनीति में उथल-पुथल मचा दी है। आने वाले दिनों में इस पर क्या राजनीतिक और कानूनी कार्रवाई होती है, ये देखने वाली बात होगी।
ये भी पढ़ें: भास्कर जाधव होंगे महाराष्ट्र विधानसभा में नए विपक्ष के नेता?