राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। ब्लड शुगर लेवल बढ़ने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली एम्स ले जाने की सलाह दी है। फिलहाल, वह पटना स्थित राबड़ी देवी के आवास पर डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
लालू यादव लंबे समय से कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। उनके ब्लड शुगर लेवल में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिससे उनकी सेहत लगातार प्रभावित हो रही है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उन्हें कमजोरी, चक्कर और अस्वस्थ महसूस हो रहा था। डॉक्टरों ने उनकी जांच की और बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स रेफर करने का सुझाव दिया।
लालू यादव की सेहत बीते कुछ वर्षों में लगातार गिरती रही है। वह हार्ट, किडनी, डायबिटीज और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों से जूझ रहे हैं। 2022 में किडनी ट्रांसप्लांट के दौरान उनकी किडनी केवल 25% ही काम कर रही थी, जिसके बाद उनकी बेटी रोहिनी आचार्य ने अपनी किडनी दान की थी। यह ऑपरेशन सिंगापुर में हुआ था, जिसके बाद से वे लगातार मेडिकल चेकअप कराते रहे हैं। इसी साल पटना में गिरने से कंधे और पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती किया था। इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ था।
2023 में दिल की ब्लॉकेज समस्या के कारण मुंबई में एंजियोप्लास्टी कराई गई थी। डॉक्टरों ने उनकी हार्ट की स्थिति को नाजुक बताया था। इससे पहले 2021 में जब वह जेल में थे, तब उनकी हार्ट की बीमारी सामने आई थी, जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कर इलाज किया गया था।
लालू यादव बिहार की राजनीति के बड़े नेता रहे हैं। उनकी सेहत को लेकर समर्थक और आरजेडी कार्यकर्ता चिंतित हैं। जैसे ही खबर सामने आई, पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उनका हालचाल लेने पहुंचे। परिवार की तरफ से कहा गया है कि लालू यादव को जल्द ही दिल्ली भेजा जाएगा, जहां एम्स के डॉक्टरों की टीम उनका इलाज करेगी। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
ये भी पढ़ें: बैटमैन का रोल प्ले करने वाले वैल किल्मर का 65 साल की उम्र में निधन, इस गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे एक्टर