प्रयागराज महाकुंभ 2025 में किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने अब एक नया वीडियो जारी कर ये स्पष्ट किया है कि वो अखाड़े से जुड़ी रहेंगी। पहले उन्होंने खुद ही एक वीडियो जारी कर महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा देने और अखाड़े से अलग होने की बात कही थी, लेकिन अब उन्होंने अपने फैसले को बदल दिया है।
इस्तीफे की घोषणा के बाद बदला फैसला
पहले जारी किए गए वीडियो में ममता कुलकर्णी ने अखाड़े से अलग होने की घोषणा की थी, जिससे सनातन धर्म और किन्नर अखाड़े से जुड़े लोगों में हलचल मच गई थी। लेकिन 13 फरवरी को उन्होंने फिर एक नया वीडियो साझा कर बताया कि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है और अब वो महामंडलेश्वर के रूप में कार्य करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और अखाड़े की सेवा में अपना जीवन समर्पित करेंगी।
महाकुंभ में महामंडलेश्वर बनने के बाद शुरू हुआ विवाद
24 जनवरी 2025 को प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में ममता कुलकर्णी को किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर घोषित किया गया था। उनके पट्टाभिषेक के बाद से ही कई संतों और धर्माचार्यों ने इस पर आपत्ति जताई थी। लगातार विरोध के चलते 10 फरवरी को उन्होंने एक वीडियो जारी कर इस्तीफे की घोषणा कर दी थी।
भावनाओं में बहकर लिया था फैसला
अब 13 फरवरी को जारी किए गए नए वीडियो में ममता कुलकर्णी ने कहा कि जब उन्होंने महामंडलेश्वर पद ग्रहण किया, तो कई लोगों ने उन पर और अखाड़े पर टिप्पणी करना शुरू कर दिया, जिससे वो भावनात्मक रूप से आहत हुईं और ग़लती से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। लेकिन आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने उनका इस्तीफा अस्वीकार कर दिया और उन्हें समझाया।
View this post on Instagram
सनातन धर्म की सेवा जारी रखेंगी
ममता कुलकर्णी ने स्पष्ट किया कि वो किन्नर अखाड़े से जुड़ी रहेंगी और उसी की गरिमा बनाए रखते हुए सनातन धर्म को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य धर्म की सेवा करना है और वे इस पथ पर निरंतर आगे बढ़ती रहेंगी।
ये भी पढ़ें: 26/11 हमले का आरोपी तहव्वुर राणा लाया जाएगा भारत, देवेंद्र फडणवीस ने कही बड़ी बात