देश-विदेश

पाकिस्तान में नमाज के दौरान बड़ा धमाका, मस्जिद बुरी तरह क्षतिग्रस्त, कई लोगों की मौत

पाकिस्तान

कोहाट: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में शुक्रवार को नमाज के दौरान एक मस्जिद के पास जोरदार धमाका हुआ। ये घटना पुराने पुलिस लाइंस के नजदीक हुई, जहां मस्जिद के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। शुरुआती रिपोर्टों में मृतकों की संख्या अलग-अलग बताई गई है। कुछ रिपोर्टों में कम से कम 7 मौतों की पुष्टि की गई है, जबकि अन्य रिपोर्टों में ये संख्या 14 तक बताई गई है। 30 से अधिक लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

मस्जिद को पहुंचा भारी नुकसान

धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मस्जिद के बाहरी हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा और एक दीवार भी गिर गई। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए DHQ अस्पताल ले जाया गया, जहां आपात स्थिति घोषित की गई।

वाहन में विस्फोटक होने की आशंका

पुलिस अधिकारियों के शुरुआती बयान के मुताबिक, एक विस्फोटक से लदे वाहन को पुलिस लाइंस के पास स्थित मस्जिद से टकराने की आशंका जताई गई है। हालांकि, घटना की पूरी प्रकृति और जिम्मेदार लोगों की पहचान को लेकर जांच जारी है। धमाके के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और कोहाट-हंगू रोड पर यातायात भी रोक दिया गया।

घायलों का इलाज जारी

पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भेजने की तैयारी भी की गई है। अधिकारियों ने घटना के सभी पहलुओं की जांच के निर्देश दिए हैं।

खैबर पख्तूनख्वा का ये इलाका लंबे समय से सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावित रहा है। ताजा धमाके ने एक बार फिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। घटना की विस्तृत जांच के बाद ही मृतकों, घायलों और हमले की प्रकृति को लेकर पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

You may also like