मुंबई, 30 जुलाई 2025: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) एक बार फिर विवादों में घिर गई है। इस बार मामला मुंबई से 57 किलोमीटर दूर ठाणे के कल्याण का है, जहां MNS के जिला अध्यक्ष उल्हास भोईर ने एक गेमिंग जोन के कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। खास बात ये है कि इस घटना की वजह मराठी भाषा नहीं, बल्कि बच्चों का स्कूल बंक करके गेमिंग जोन में समय बिताना था।
बच्चों के स्कूल बंक करने पर भड़के MNS नेता
उल्हास भोईर के मुताबिक, कुछ अभिभावकों ने उनसे शिकायत की थी कि उनके बच्चे स्कूल की बजाय गेमिंग जोन में समय बिता रहे हैं। वे घर से पैसे चुराकर वहां खेलने जाते हैं। उल्हास ने बताया कि एक बच्चे ने अपने घर से 4000 रुपये चुराए थे। उन्होंने गेमिंग जोन के कर्मचारी से कहा, “ये बच्चे स्कूल की ड्रेस में यहां आते हैं। वे घर से पैसे चुराते हैं और स्कूल जाने की बजाय यहां मजे करते हैं। क्या यह गलत नहीं है?”
कर्मचारी की बात पर भड़का गुस्सा
कर्मचारी ने जवाब में कहा, “मैं इसमें क्या कर सकता हूं?” ये सुनते ही उल्हास का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने कर्मचारी को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद वे चिल्लाए, “इस पीढ़ि को बर्बाद मत करो।” उन्होंने एक बच्चे की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह पहले पांचवीं कक्षा में 95 प्रतिशत अंक लाता था, लेकिन अब उसके नंबर 60 प्रतिशत पर आ गए हैं।
गेमिंग जोन को दी कड़ी चेतावनी
उल्हास ने गेमिंग जोन के कर्मचारी को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ये पहली और आखिरी बार है। अगर दोबारा ऐसा हुआ तो गेमिंग जोन को ढहा दिया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों की शिकायत के आधार पर ये कार्रवाई की और गेमिंग जोन पर नकेल कसने की कोशिश की।
View this post on Instagram
MNS की विवादास्पद छवि
MNS पहले भी मराठी न बोलने वालों के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाने के लिए सुर्खियों में रही है। हालांकि, इस बार मामला मराठी भाषा से नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य से जुड़ा था। फिर भी, उल्हास भोईर का कर्मचारी को थप्पड़ मारना और धमकी देना सवाल उठाता है कि क्या इस तरह की कार्रवाई उचित है।
इस घटना ने एक बार फिर MNS की कार्यशैली पर बहस छेड़ दी है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों की प्रतिक्रिया का इंतजार है, क्योंकि ये मामला बच्चों की शिक्षा और गेमिंग जोन जैसे मनोरंजन स्थलों की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े करता है।
ये भी पढ़ें: Amit Shah Slams Congress Over POTA Act: आतंकियों के लिए काल था पोटा! अमित शाह ने संसद में कांग्रेस की पोल खोल दी!