मुंबई

Mumbai: शादी से इनकार किया तो लड़की ने काट दिया बॉयफ्रेंड का प्राइवेट पार्ट

Mumbai
Image Source - Web

Mumbai: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली आपराधिक घटना सामने आई है। सांताक्रूज ईस्ट के कलिना इलाके में नए साल की रात एक महिला ने कथित तौर पर शादी से इनकार करने पर अपने प्रेमी पर चाकू से हमला कर उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

बहन की ननद से था कई सालों से संबंध

पुलिस के अनुसार, घायल व्यक्ति की पहचान 44 वर्षीय जोगिंदर लखन महतो के रूप में हुई है। वो जम्भालीपाड़ा इलाके का रहने वाला है और पेशे से प्राइवेट ड्राइवर है। जोगिंदर पिछले करीब 18 वर्षों से अपने परिवार के साथ मुंबई में रह रहा है। जांच में सामने आया है कि जोगिंदर का अपनी बहन की 25 वर्षीय ननद कंचनदेवी राकेश महतो के साथ पिछले छह से सात वर्षों से अफेयर था।

शादी के लिए बना रही थी दबाव

पुलिस को दिए बयान में जोगिंदर ने बताया कि कंचनदेवी उस पर लगातार दबाव बना रही थी कि वो अपनी पत्नी को छोड़कर उसके साथ रहे और उससे शादी करे। इस कारण उसके पारिवारिक जीवन में लगातार विवाद हो रहे थे। हालात बिगड़ते देख जोगिंदर नवंबर महीने में मुंबई छोड़कर बिहार चला गया था। हालांकि, आरोप है कि इस दौरान भी कंचनदेवी उसे फोन कर मुंबई लौटने और शादी करने की धमकी देती रही।

नए साल की रात मिठाई के बहाने बुलाया

जोगिंदर 19 दिसंबर को वापस मुंबई लौट आया, लेकिन उसने कंचन से दूरी बनाए रखने का फैसला किया था। इसके बावजूद 31 दिसंबर की रात करीब 1:30 बजे कंचनदेवी ने नए साल की मिठाई देने के बहाने उसे अपने घर बुलाया। उस समय घर में कंचन और दो छोटे बच्चे मौजूद थे। बच्चों के सो जाने के बाद कंचन ने अचानक किचन में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से जोगिंदर पर हमला कर दिया, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी

हमले के बाद घायल जोगिंदर किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों व पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे पहले देसाई अस्पताल ले जाया गया और हालत गंभीर होने पर सायन अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही वकोला पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया।

जोगिंदर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला कंचनदेवी महतो के खिलाफ गंभीर चोट पहुंचाने और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: धर्मशाला कॉलेज मामला: डिप्रेशन में गई छात्रा की मौत, यौन उत्पीड़न और रैगिंग के आरोप

You may also like