Mumbai News: मुंबई के उपनगरों में ट्रैफिक समस्या को कम करने के लिए प्रस्तावित बांद्रा-वर्सोवा सी लिंक की नई डेडलाइन तय करने का फैसला लिया गया है। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) ने नई डेडलाइन निर्धारित करने के लिए जल्द ही सरकार को नया प्रस्ताव भेजने की योजना बनाई है।
एमएसआरडीसी के अधिकारियों के अनुसार, मुंबई के दूसरे सी लिंक का निर्माण कार्य करीब 12 फीसदी हुआ है। निर्माण कार्य में लग रहे समय की वजह से डेडलाइन बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
दरअसल, 2018 से बांद्रा-वर्सोवा सी लिंक का निर्माण चल रहा है। प्रॉजेक्ट के आरंभ में डेडलाइन 2026 की निर्धारित की गई थी। लेकिन प्रॉजेक्ट के पहले ठेकेदार द्वारा शुरुआती तीन सालों में बेहद मंद गति से काम किया गया है। नतीजतन, 2026 में बांद्रा-वर्सोवा सी लिंक से सफर करने वाले यात्रियों को अभी और लंबा इंतज़ार करना पड़ेगा।
सी लिंक पर होंगे चार कनेक्टर
बांद्रा से वर्सोवा की दूरी कम करने के लिए समुद्र पर 17 किमी लंबा ब्रिज तैयार किया जा रहा है। वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सी लिंक पर चार कनेक्टर होंगे। यह कनेक्टर बांद्रा, कार्टर रोड, जुहू और वर्सोवा में होंगे। इन कनेक्टर के माध्यम से वाहन आसानी से सी लिंक में एंट्री और एग्जिट कर सकेंगे। (Mumbai News)
ये भी पढ़ें: Maharashtra News: महाराष्ट्र के 16 मेडिकल कॉलेजों में एचएमआईएस का विस्तार अगले महीने
देरी की वजह
उपनगर की ट्रैफिक समस्या दूर करने के लिए 17 किमी लंबे सी लिंक के निर्माण का जिम्मा एक भारतीय कंपनी को दिया गया था। यह कंपनी इटली की कंपनी के साथ मिलकर प्रॉजेक्ट पूरा करने वाली थी। इस कंपनी ने 2022 के मध्य तक केवल 2.5 प्रतिशत काम ही पूरा किया था। काम नहीं कर पाने की वजह से भारतीय कंपनी ने अपने शेयर इटली की कंपनी को दे दिए हैं। इटली की कंपनी ने दूसरी भारतीय कंपनी के साथ मिलकर सी लिंक का बचा हुआ काम पूरा करने का जिम्मा उठाया है। नई कंपनी द्वारा निर्माण कार्य को रफ्तार देने का प्रयास किया जा रहा है।
ब्रिज की मौजूदा स्थिति
एमएसआरडीसी अधिकारी के अनुसार, मौजूदा समय में सी लिंक के लिए समुद्र के भीतर पिलर तैयार करने का काम चल रहा है। यह कार्य विशेष प्रशिक्षित कर्मचारियों के माध्यम से किया जा रहा है। पानी के भीतर पिलर का काम होने के बाद लोगों को काम दिखना लगेगा।
भविष्य में सफर होगा आसान
यह सी लिंक वर्ली-बांद्रा से कनेक्ट होगा। इसके बन जाने से वर्ली से वर्सोवा तक का सफर घंटों के बजाय करीब 20 से 25 मिनट में पूरा करना संभव होगा। 8 लेन वाले सी लिंक के निर्माण पर कुल 11332 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। (Mumbai News)