मुंबईवासियों के लिए 30 सितंबर का दिन खास होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन शहर को अंडरग्राउंड मेट्रो का नया तोहफ़ा देंगे। वर्ली से कफ परेड तक बनने वाले इस भूमिगत मेट्रो कॉरिडोर का दूसरा चरण अब जनता के लिए शुरू होने जा रहा है।
मेट्रो की खासियतें
मुंबई मेट्रो का ये प्रोजेक्ट देश की सबसे बड़ी अंडरग्राउंड मेट्रो योजनाओं में से एक है।
पूरी लाइन की लंबाई लगभग 33.5 किलोमीटर होगी।
इसमें कुल 27 स्टेशन बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 26 स्टेशन भूमिगत होंगे।
पहले फेज में सिप्ज एमआईडीसी से आचार्य अत्रे स्टेशन तक मेट्रो सेवा शुरू की जा चुकी है।
अब वर्ली से कफ परेड तक का करीब 11 किमी का दूसरा फेज भी यात्रियों के लिए खुल जाएगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस लाइन के शुरू होने से कोलाबा से आरे कॉलोनी तक का सफर एक घंटे से भी कम समय में पूरा किया जा सकेगा। अभी यही यात्रा सड़क मार्ग से 2 से 3 घंटे तक ले लेती है।
आरामदायक सफर और समय की बचत
अंडरग्राउंड मेट्रो की शुरुआत से मुंबई के लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी। ये सफर न सिर्फ तेज़ होगा, बल्कि एयर-कंडीशंड और आधुनिक सुविधाओं के कारण आरामदायक भी रहेगा।
सीएम फडणवीस का बयान
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस प्रोजेक्ट को एशिया की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने वर्षों तक मुंबई को विकास से रोकने की कोशिश की, लेकिन अब शहर नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
सीएम ने दावा किया कि बीडीडी चॉल के पुनर्विकास से लेकर गिरगांव के पुनर्वास भवनों तक, राज्य सरकार ने हजारों परिवारों को नए घर दिए हैं। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा, “2000 के बाद से आपने मुंबई को पीछे रखने की ही कोशिश की है।”
‘स्टार्टअप और डेटा सेंटर की राजधानी मुंबई’
फडणवीस ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले दस सालों में मुंबई स्टार्टअप हब के रूप में उभरी है। साथ ही, आने वाले समय में डेटा सेंटर क्रांति का 60% हिस्सा महाराष्ट्र में ही होगा।
अंडरग्राउंड मेट्रो का यह नया चरण मुंबई की ट्रैफिक जाम और लंबी दूरी की समस्याओं को काफी हद तक कम करेगा। 30 सितंबर को होने वाला उद्घाटन सिर्फ एक परियोजना की शुरुआत नहीं, बल्कि मुंबई की तेज़ रफ्तार जिंदगी को और सुगम बनाने का कदम होगा।
ये भी पढ़ें: Gym Exercise Tips: जिम में भूल से हो सकता है हार्ट अटैक, वॉर्मअप नजरअंदाज न करें, जानें सही एक्सरसाइज टिप्स!































