देश-विदेश

कनाडा में पंजाबी मूल की यूट्यूबर Nancy Grewal की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने घटना को अलग-थलग बताया

Nancy Grewal
Image Source - web

कनाडा के ओन्टारियो प्रांत में विंडसर के पास लासाल इलाके में 45 वर्षीय पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल (Nancy Grewal) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। घटना 3 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे टॉड लेन इलाके में उनके घर पर हुई। लासाल पुलिस के अनुसार, किसी व्यक्ति ने घर में घुसकर उन्हें कई बार चाकू मारा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले को हत्या (homicide) के रूप में दर्ज किया है और जांच जारी है। अभी तक किसी संदिग्ध को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस ने इसे “isolated incident” बताया है, यानी अलग-थलग घटना, और आम जनता के लिए कोई खतरा नहीं होने का आश्वासन दिया है। जांच में CCTV फुटेज और गवाहों के बयानों पर काम चल रहा है।

नैन्सी ग्रेवाल (Nancy Grewal) कौन थीं?

नैन्सी ग्रेवाल (असली नाम अनीता अग्निहोत्री) लुधियाना की रहने वाली थीं। उन्होंने सरसा और सतलुज पब्लिक स्कूल में पढ़ाई की। बाद में वे कैलगरी चली गईं और फिर विंडसर/लासाल क्षेत्र में बस गईं। सोशल मीडिया पर वे सक्रिय थीं – इंस्टाग्राम पर करीब 12 हजार फॉलोअर्स थे। वे पंजाबी भाषा में वीडियो बनाती थीं और पंजाब के सामाजिक, धार्मिक तथा राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती थीं।

वे खालिस्तान आंदोलन और इससे जुड़ी गतिविधियों की आलोचना करती थीं। भारत-कनाडा के बीच बढ़ते तनाव के दौरान भी उन्होंने कई वीडियो पोस्ट किए। उन्होंने जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह, अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और डेरा ब्यास प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों के खिलाफ भी आवाज उठाई थी। जून 2025 में बठिंडा की इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी (कमल कौर भाभी) की मौत पर भी उन्होंने न्याय की मांग की थी।

हत्या से पहले उनकी आखिरी पोस्ट श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार पर विवादित टिप्पणी वाली थी, जिसमें उन्होंने सतनाम सिंह के बयान का समर्थन किया और जत्थेदार को चेतावनी दी थी।

नैन्सी की मां ने कुछ हार्डलाइनरों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने अभी किसी संगठित साजिश की पुष्टि नहीं की है। जांच में आगे क्या खुलासा होता है, इस पर सभी की नजर है। ये घटना पंजाबी डायस्पोरा और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट्स के बीच सदमा पहुंचा चुकी है।

ये भी पढ़ें: दुबई में धमाकों से सहमीं Lara Dutta, रोते हुए बताया डरावना अनुभव, बेटी भी थीं साथ

You may also like