क्रिकेट की दुनिया में एक और सनसनीखेज खबर! भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज कोच राहुल द्रविड़ ने IPL फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के साथ अपनी राहें जुदा कर ली हैं। शनिवार को राजस्थान रॉयल्स ने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की पुष्टि की कि द्रविड़ ने IPL 2026 से पहले मुख्य कोच के रूप में अपना कार्यकाल पूरा कर लिया है। ये खबर फैंस के लिए किसी झटके से कम नहीं है, क्योंकि द्रविड़ का इस फ्रेंचाइजी के साथ गहरा और पुराना नाता रहा है।
View this post on Instagram
राहुल द्रविड़, जिन्हें क्रिकेट की दुनिया में ‘द वॉल’ के नाम से जाना जाता है, पिछले साल सितंबर में राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच बने थे। इससे पहले उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम को 2024 T20 वर्ल्ड कप में शानदार जीत दिलाई थी। राजस्थान के साथ उनका रिश्ता नया नहीं है। द्रविड़ 2012 और 2013 में इस फ्रेंचाइजी के कप्तान रह चुके हैं और 2014-2015 में मेंटर की भूमिका भी निभाई थी। हालांकि, 2016 में वे दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) से जुड़ गए थे। पिछले साल दोबारा राजस्थान की बागडोर संभालने वाले द्रविड़ का ये सफर इस बार एक साल से भी कम समय तक चला।
IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। द्रविड़ के मार्गदर्शन में फ्रेंचाइजी को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। 14 मैचों में सिर्फ 4 जीत और 10 हार के साथ राजस्थान 8 अंकों के साथ नौवें स्थान पर रही। फैंस को उम्मीद थी कि द्रविड़ की कोचिंग में टीम 2008 के उस सुनहरे पल को दोहराएगी, जब शेन वॉर्न की कप्तानी में राजस्थान ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर पहला IPL खिताब जीता था। लेकिन खिताब का सूखा अब भी जारी है।
द्रविड़ ने ठुकराया बड़ा पद
राजस्थान रॉयल्स ने अपने बयान में द्रविड़ के योगदान को दिल से सराहा। फ्रेंचाइजी ने बताया कि द्रविड़ ने न केवल अपनी लीडरशिप से खिलाड़ियों को प्रेरित किया, बल्कि फ्रेंचाइजी के सफर को भी यादगार बनाया। इतना ही नहीं, राजस्थान ने उन्हें एक बड़े पद की पेशकश भी की थी, लेकिन द्रविड़ ने इसे स्वीकार नहीं किया। फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा कि द्रविड़ की सेवाओं के लिए न केवल राजस्थान, बल्कि दुनिया भर के लाखों फैंस उनके आभारी हैं।
ये खबर कई सवाल छोड़ गई है। द्रविड़ का अगला कदम क्या होगा? क्या वे किसी दूसरी IPL फ्रेंचाइजी से जुड़ेंगे या फिर क्रिकेट से कुछ समय के लिए ब्रेक लेंगे? राजस्थान रॉयल्स अब नए कोच की तलाश में है, और फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि 2026 में उनकी प्यारी टीम कैसा प्रदर्शन करेगी। आप इस बारे में क्या सोचते हैं? द्रविड़ के जाने से राजस्थान का भविष्य कैसा होगा?
ये भी पढ़ें: IPL 2025 त्रासदी: भगदड़ में मारे गए फैन्स के परिवारों के लिए RCB ने 25 लाख की मदद राशी की घोषणा की