देश-विदेश

चौंकाने वाला खुलासा! CERT-IN पर साइबर हमला, सरकारी विभागों की गोपनीय जानकारी खतरे में

CERT-IN
Image Source - Web

देश की साइबर सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाने वाली संस्था CERT-IN खुद बड़े साइबर हमले का शिकार हो गई है! चौंकाने वाली बात ये है कि इस हमले में देश के 53 सरकारी विभागों और निजी कंपनियों के ईमेल, पासवर्ड, और अन्य अति गोपनीय डेटा चोरी हुआ है। इस डेटा में दिल्ली पुलिस, एमपी पुलिस, बीएसएनएल और इंडिया पोस्ट जैसे बड़े संस्थानों की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी शामिल है।

ये घटना भारत की डिजिटल सुरक्षा के लिहाज से बहुत ही चिंताजनक है। जानकारी हो कि CERT-IN, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत आता है और देश की साइबर सुरक्षा को बनाए रखने के लिए जिम्मेदार होता है। कुछ समय पहले ही फरवरी में बीएसएनएल के कर्मचारियों का EPFO डेटा लीक हुआ था और अब ये दूसरी बड़ी घटना सामने आयी है, जो ये दर्शाती है कि देश की साइबर सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है।

लीक हुए डेटा के खुलासे के अनुसार, CERT-IN के कई कर्मचारियों की जानकारी, सिक्योरिटी प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारियां और विभिन्न सरकारी विभागों से किया गया बेहद संवेदनशील पत्राचार हैकर्स के हाथ लग गया है। चिंता बढ़ाने वाली बात ये है कि इस डेटा में दिल्ली पुलिस के कमिश्नर संजय अरोड़ा के ईमेल और एमपी पुलिस के नेटवर्क पर हमले की जानकारी भी शामिल है।

इसके अलावा, लीक हुए दस्तावेजों में ये भी उल्लेख मिलता है कि बीएसएनएल, इंडिया पोस्ट और मारुति सुजुकी जैसे संस्थान को भी CERT-IN ने साइबर हमलों के बारे में चेतावनी दी थी। हालांकि, इन विभागों ने इस खतरे को गंभीरता से नहीं लिया और समय पर कार्रवाई नहीं की गई।

CERT-IN की ये बड़ी सुरक्षा चूक देश के साइबर स्पेस की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। सरकार के साथ-साथ सभी सरकारी विभागों को भी इस ओर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है। हमें अपनी डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निवेश करने और इसे मजबूत करने की जरूरत है, ताकि हम भविष्य में इस तरह के बड़े साइबर हमलों से बच सकें।

ये भी पढ़ें: RTE में नया पंगा – कई सरकारी स्कूलों में सिर्फ सातवीं क्लास तक पढ़ाई!

You may also like