तमिलनाडु के इरोड जिले से एक बेहद मार्मिक और दुखद घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। अन्नाई सत्य नगर में रहने वाले 5 साल के साईशरण की गले में केला फंसने से मौत हो गई। खेलते–खेलते खाना खाते हुए हुई यह अनहोनी इतनी अचानक थी कि बच्चे के परिजन कुछ समझ ही नहीं पाए।
केला खाते-खाते बिगड़ा हाल, पल भर में बदल गई जिंदगी
मंगलवार की रात साईशरण अपनी दादी के साथ था। दादी ने उसे केला खाने के लिए दिया, लेकिन जैसे ही बच्चे ने बड़ा टुकड़ा निगला, वह उसके गले में फंस गया। कुछ ही सेकंड में उसकी सांसें रुकने लगीं और वह तड़पने लगा। घबराए परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से उसे इरोड के एक प्राइवेट अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था—जिला अस्पताल पहुँचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। डॉक्टरों के मुताबिक, अगर समय रहते प्राथमिक उपचार मिल जाता, तो शायद साईशरण की जान बच सकती थी।
मजदूर परिवार में मातम, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
साईशरण के माता-पिता, मणिक्कम और महालक्ष्मी, मजदूरी करते हैं। अक्सर दोनों बच्चे दादी के साथ ही रहते थे। रोजमर्रा की जिंदगी की जद्दोजहद के बीच इस घटना ने उनके परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। मासूम की अचानक मौत ने पूरे इलाके को भी गमगीन कर दिया।
करुंगलपलायम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि प्राथमिक जांच में इसे एक दुखद दुर्घटना माना जा रहा है।
डॉक्टरों की अपील: छोटे बच्चों को खाना हमेशा छोटे टुकड़ों में दें
विशेषज्ञ डॉक्टरों का कहना है कि छोटे बच्चों के लिए खाने की चीजों को छोटे हिस्सों में काटकर देना बेहद जरूरी है। बड़े टुकड़े गले में अटक सकते हैं, खासकर जब बच्चा खेलते हुए या तेजी से खाना खाता है।
डॉक्टरों ने बताया कि ऐसी स्थिति में तुरंत बच्चे की पीठ पर हल्के-हल्के थपथपाना चाहिए। इससे फंसा हुआ हिस्सा बाहर निकल सकता है और बच्चे की सांस लौट सकती है। कई मामलों में यह प्राथमिक उपचार जान बचाने में मददगार साबित होता है।
साईशरण की ये दर्दनाक घटना एक बड़ी सीख छोड़ जाती है, कि छोटे बच्चों को खिलाते समय ज़रा सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना में बदल सकती है। भोजन देते समय सावधानी, निगरानी और प्राथमिक उपचार की जानकारी कई अनहोनी घटनाओं से बचा सकती है।
ये भी पढ़ें: नांदेड के बाद ठाणे में दुखद घटना: शादी की जिद पर परिवार की ना, युवक ने दी जान































