बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल की अपकमिंग फिल्म ‘छावा’ इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, लेकिन इसके साथ ही विवाद भी खड़ा हो गया। महाराष्ट्र सरकार ने फिल्म के कुछ सीन पर आपत्ति जताते हुए उन्हें हटाने की मांग की थी। इस विवाद को लेकर अब फिल्म के डायरेक्टर लक्ष्मण उत्तेकर ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात की है।
विवाद पर लक्ष्मण उत्तेकर का बयान
फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उत्तेकर ने राज ठाकरे से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फिल्म ‘छावा’ से सभी विवादित सीन रिलीज से पहले हटा दिए जाएंगे। उनका कहना है कि वो फैंस की भावनाओं का पूरा सम्मान करते हैं और फिल्म में ऐसा कोई सीन नहीं होगा, जिससे जनता की भावनाएं आहत हों।
लक्ष्मण उत्तेकर ने ये भी स्पष्ट किया कि फिल्म के उस सीन को हटाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें विक्की कौशल लेजिम बजाते हुए नजर आते हैं।
क्या है पूरा विवाद?
महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत ने फिल्म के एक सीन पर आपत्ति जताई थी, जिसमें छत्रपति संभाजी महाराज को नाचते हुए दिखाया गया है। उनका कहना है कि ये सीन ऐतिहासिक रूप से गलत है और इसे फिल्म से हटाना चाहिए। साथ ही, उन्होंने सुझाव दिया कि फिल्म को रिलीज से पहले इतिहासकारों और विद्वानों को दिखाया जाना चाहिए।
उदय सामंत ने ये भी कहा कि यदि इतिहासकार इस पर आपत्ति जताते हैं, तो फिल्म को रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। इस विवाद के चलते लक्ष्मण उत्तेकर को राज ठाकरे से मुलाकात करनी पड़ी। हालांकि इन तमाम विवादों के बावजूद ‘छावा’ के मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट में कोई बदलाव नहीं किया है। फिल्म 14 फरवरी 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। खैर अब देखना दिलच्सप होगा कि फिल्म के आपत्तीजनक सीन को हटाया जाता भी है या नहीं?
ये भी पढ़ें: सैफ केस में पकड़े गए निर्दोष आकाश की बर्बाद हो गई जिंदगी, पिता ने की सरकार से नौकरी की मांग