भारत की जानी-मानी एडटेक कंपनी Byju’s के संस्थापक बायजू रवींद्रन (Byju Raveendran) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सिंगापुर की अदालत ने उन्हें 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है। अदालत ने कहा कि रवींद्रन ने अप्रैल 2024 से अपनी संपत्तियों से जुड़े कई अदालती आदेशों का पालन नहीं किया और बार-बार नियमों का उल्लंघन किया। इसी मामले में कोर्ट ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
अदालत ने क्या कहा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंगापुर कोर्ट ने बायजू रवींद्रन (Byju Raveendran) को Beer Investco Private Limited के कानूनी स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज पेश करने का आदेश दिया था। ये कंपनी एक संबंधित इकाई में हिस्सेदारी रखती है। अदालत ने रवींद्रन को अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने के निर्देश भी दिए हैं।
इसके अलावा कोर्ट ने उन पर 90,000 सिंगापुर डॉलर यानी करीब 70,500 अमेरिकी डॉलर की कानूनी लागत भी लगाई है।
अरबों की कंपनी से कानूनी संकट तक
एक समय ऐसा था जब Byju’s भारत का सबसे बड़ा एडटेक स्टार्टअप माना जाता था। कंपनी की वैल्यूएशन साल 2022 में करीब 22 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई थी। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में कंपनी लगातार आर्थिक और कानूनी संकटों से घिरती चली गई।
ब्लैकरॉक ने Byju’s की वैल्यूएशन घटाकर करीब 1 बिलियन डॉलर कर दी है। वहीं कंपनी के कई निवेशकों और शेयरहोल्डर्स ने भी रवींद्रन के नेतृत्व पर सवाल उठाए थे।
नेटवर्थ पहुंची शून्य पर
फोर्ब्स बिलेनियर इंडेक्स 2024 के मुताबिक, अप्रैल 2023 में बायजू रवींद्रन (Byju Raveendran) की नेटवर्थ करीब 2.1 बिलियन डॉलर यानी लगभग 17 हजार करोड़ रुपये थी। हालांकि बाद में फोर्ब्स ने उन्हें अपनी अरबपतियों की सूची से बाहर कर दिया।
अब हालात ऐसे हैं कि रिपोर्ट्स के अनुसार रवींद्रन की नेटवर्थ लगभग शून्य मानी जा रही है। कंपनी के शेयरहोल्डर्स ने उन्हें CEO पद से हटाने के लिए वोटिंग भी की थी।
Byju’s पर लगातार बढ़ रहा दबाव
Byju’s पिछले कुछ समय से फंडिंग संकट, कर्मचारियों की छंटनी, निवेशकों के विवाद और कानूनी मामलों के कारण लगातार दबाव में है। बायजू रवींद्रन (Byju Raveendran) पर आई ये नई कानूनी मुसीबत कंपनी की मुश्किलों को और बढ़ा सकती है।



























