राजस्थान के Sri Ganganagar में सामने आए कपिल जिंदल हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि ये हत्या किसी बाहरी दुश्मनी का नहीं, बल्कि परिवार के भीतर रची गई साजिश का नतीजा थी। पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी ने अपने बेटों, दामाद और अन्य लोगों के साथ मिलकर इस पूरे वारदात को अंजाम दिया।
आठ महीने पहले हुई थी दूसरी शादी
पुलिस जांच के अनुसार, 36 वर्षीय कपिल जिंदल ने करीब आठ महीने पहले 52 वर्षीय सुखविंद्र कौर से आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। शादी के बाद दोनों श्रीगंगानगर की भारद्वाज कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। कपिल एसएसबी रोड पर मेडिकल स्टोर चलाता था और अपने परिवार से अलग रह रहा था।
बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद होने लगे थे। करीब एक सप्ताह पहले हुए झगड़े के बाद सुखविंद्र कौर ने कथित तौर पर अपने पूर्व पति से हुए दो बेटों, दामाद और उनके दोस्तों के साथ मिलकर कपिल की हत्या की योजना बनाई।
देर रात घर में घुसकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक 23 मई की रात करीब 2 बजे आरोपी कार से कपिल के घर पहुंचे। उस समय कपिल और उसकी पत्नी दोनों घर पर मौजूद थे। आरोपियों ने घर में घुसते ही कपिल के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसे जबरन कार में डालकर अपने साथ ले गए।
घटना के बाद कपिल के मामा विनय कुमार गर्ग ने जवाहर नगर थाने में अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कराया। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर खून के धब्बे मिले। वहीं, सुखविंद्र कौर भी घर पर मौजूद नहीं थी।
कुछ देर बाद महिला वापस लौटी और दावा किया कि बदमाश उसे भी अपने साथ ले गए थे, लेकिन रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस को शुरुआत से ही महिला की कहानी पर शक था।
CCTV फुटेज से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक कार में पांच लोगों को कपिल का अपहरण करते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर एक-एक कर सभी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि कपिल की हत्या करने के बाद उसके शव को इंदिरा गांधी नहर में फेंक दिया गया था। 26 मई की शाम पुलिस ने मसीतांवाली हेड के पास से शव बरामद किया। शव के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे हुए थे।
पत्नी समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की पत्नी सुखविंद्र कौर, उसके बेटे गुरप्रीत सिंह और बॉबी नागरा निवासी श्रीमुक्तसर साहिब (पंजाब), दामाद गुरदर्शन सिंह निवासी हनुमानगढ़ और उनके दो साथी सिकंदर सिंह व सतपाल सिंह शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह, साजिश में शामिल अन्य लोगों और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल पैदा कर दिया है।
ये भी पढ़ें: तेलंगाना: कर्ज और दबाव के बीच उजड़ गया परिवार, वानापर्थी में दिल दहला देने वाली घटना



























