खेल

सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘वैभव सूर्यवंशी चालीसा’, आपने सुना क्या?

वैभव सूर्यवंशी चालीसा
Image Source - Web

आईपीएल में शानदार बल्लेबाजी करने वाले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी इस समय सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में हैं। क्रिकेट प्रेमियों से लेकर सोशल मीडिया यूजर्स तक हर कोई उनकी ताबड़तोड़ पारी की तारीफ कर रहा है। मैच के बाद इंटरनेट पर वैभव सूर्यवंशी से जुड़े मीम्स, वीडियो और पोस्ट तेजी से वायरल हो रहे हैं। इसी बीच अब एक नया वीडियो लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है, जिसे ‘वैभव सूर्यवंशी चालीसा’ नाम दिया गया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। करीब 2 मिनट 15 सेकंड लंबे इस वीडियो में वैभव सूर्यवंशी की क्रिकेट यात्रा और उनके संघर्ष को चालीसा के अंदाज में पेश किया गया है। वीडियो की शुरुआत में कहा जाता है, “वैभव सूर्यवंशी की गाथा, ध्यान से सुनिए इनकी कथा…” और फिर उनके गांव, क्रिकेट के प्रति जुनून और मेहनत का जिक्र किया जाता है।

वीडियो में बताया गया है कि वैभव सूर्यवंशी बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर गांव से आते हैं और बचपन से ही उन्हें क्रिकेट खेलने का बेहद शौक था। चालीसा के जरिए उनके संघर्ष और क्रिकेट के प्रति समर्पण को मजेदार और अनोखे अंदाज में दिखाया गया है। यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्रिकेट फैंस इस वीडियो को काफी एंटरटेनिंग बता रहे हैं। कई यूजर्स ने वीडियो पर मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दी हैं। एक यूजर ने लिखा, “बिहारी सब पर भारी”, जबकि दूसरे ने लिखा, “भाई तगड़ा है।” कुछ लोगों ने हंसने वाले इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी है।

ये वीडियो एक्स प्लेटफॉर्म पर @theprayagtiwari नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। खबर लिखे जाने तक हजारों लोग इस वीडियो को देख चुके हैं और लगातार इसे शेयर भी कर रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी की लोकप्रियता जिस तेजी से बढ़ रही है, उसे देखकर साफ है कि आने वाले समय में वह क्रिकेट फैंस के बीच और भी बड़ा नाम बन सकते हैं।

You may also like

More in खेल