देश-विदेश

पर्यावरण बचाने का नया तरीका, शराब की खाली बोतलों के बदले नकद दे रही तमिलनाडु सरकार

तमिलनाडु सरकार

पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तमिलनाडु सरकार ने एक नई और अनोखी पहल की शुरुआत की है। अब राज्य में लोग शराब की खाली कांच की बोतलों को कचरे में फेंकने के बजाय विशेष रिवर्स वेंडिंग मशीन में जमा कराकर उसके बदले नकद राशि प्राप्त कर सकेंगे।

इस योजना के तहत चेन्नई के एग्मोर इलाके में अत्याधुनिक तकनीक से लैस रिवर्स वेंडिंग मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन में शराब की खाली कांच की बोतल डालने पर उपभोक्ता को तुरंत 10 रुपये का भुगतान किया जाता है। ये भुगतान तभी किया जाता है, जब मशीन द्वारा बोतल का सफलतापूर्वक सत्यापन कर लिया जाता है।

बताया गया है कि मशीन में आधुनिक सेंसर और कैमरे लगाए गए हैं, जो बोतल के आकार, प्रकार और उसकी गुणवत्ता की जांच करते हैं। निर्धारित मानकों के अनुरूप बोतल पाए जाने पर ही मशीन भुगतान की प्रक्रिया पूरी करती है।

सरकार का मानना है कि इस पहल से लोगों में कचरा प्रबंधन और रीसाइक्लिंग के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर खाली बोतलों को इधर-उधर फेंकने की प्रवृत्ति में कमी आएगी, जिससे स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की योजनाएं न केवल कचरे के वैज्ञानिक निपटान को बढ़ावा देती हैं, बल्कि नागरिकों को रीसाइक्लिंग की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रोत्साहित करती हैं। यदि ये पहल सफल रहती है, तो भविष्य में इसे राज्य के अन्य शहरों में भी विस्तारित किया जा सकता है।

तमिलनाडु सरकार की ये पहल पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो स्वच्छता और रीसाइक्लिंग को नई पहचान देने का प्रयास है।

ये भी पढ़ें: मालदा में आम के बगीचे में जोरदार धमाका, क्रूड बम फटने से तीन बच्चे घायल

You may also like