ग्वाटेमाला के प्रसिद्ध और सक्रिय ज्वालामुखी ‘वोल्कान डी फ्यूगो’ (Volcán de Fuego) में हुए अचानक विस्फोट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस भयावह घटना के दौरान वहां ट्रेकिंग और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचे कई पर्यटक बाल-बाल बच गए। वीडियो में देखा जा सकता है कि ज्वालामुखी से निकले दहकते पत्थर और आग के गोले आसमान से बरस रहे हैं, जबकि पर्यटक अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आ रहे हैं।
अचानक बदला खूबसूरत नजारों का मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पर्यटक ज्वालामुखी के आसपास मौजूद पहाड़ियों और वादियों का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान ज्वालामुखी में अचानक तेज विस्फोट हुआ और गर्म लावा, राख तथा आग के गोले हवा में उछलने लगे। देखते ही देखते शांत वातावरण चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया। कई लोग जान बचाने के लिए पहाड़ी से नीचे भागते दिखाई दिए।
वायरल वीडियो में एक पर्वतारोही घबराहट में चिल्लाते हुए लोगों को वहां से भागने की चेतावनी देता नजर आता है। वहीं, एक व्यक्ति एक कुत्ते को गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान की ओर दौड़ता दिखाई देता है, जिसकी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।
महिला पर्यटक ने सुनाई खौफनाक आपबीती
इस घटना में बाल-बाल बचीं पर्यटक हाना गार्सिया ने बताया कि वो ज्वालामुखी के विस्फोट का वीडियो रिकॉर्ड कर रही थीं। तभी उन्होंने देखा कि आग के गोले उनकी दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं। उनके अनुसार, एक जलता हुआ पत्थर उनके कोट को छूते हुए निकल गया और कुछ क्षणों के लिए उन्हें लगा कि वो सीधे उनके सिर पर गिर जाएगा। इस भयावह अनुभव के बाद उन्होंने कैमरा छोड़ दिया और सुरक्षित स्थान की ओर भागीं।
ग्वाटेमाला का सबसे सक्रिय और खतरनाक ज्वालामुखी
ग्वाटेमाला सिटी से लगभग 43 किलोमीटर दूर स्थित ‘वोल्कान डी फ्यूगो’ देश के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक माना जाता है। ये समय-समय पर छोटे विस्फोट करता रहता है, लेकिन कई बार इसका विस्फोट बेहद विनाशकारी साबित हुआ है।
साल 2018 में इसी ज्वालामुखी में हुए बड़े विस्फोट ने आसपास के कई गांवों को प्रभावित किया था। उस हादसे में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और भारी तबाही देखने को मिली थी।
Des touristes touchés par des projections de lave au Guatemala
📍 Le Fuego, l’un des volcans les plus actifs d’Amérique centrale. pic.twitter.com/Y1nQmtaEX7
— Philippe Thubé (@PhilippeDoNancy) June 21, 2026
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स पर्यटकों के सुरक्षित बच निकलने पर राहत जता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि सक्रिय ज्वालामुखी के बेहद करीब जाकर ट्रेकिंग करना अनावश्यक जोखिम उठाने जैसा है।
हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वायरल वीडियो ने एक बार फिर प्राकृतिक आपदाओं के बीच सुरक्षा और सावधानी की अहमियत को उजागर कर दिया है।
ये भी पढ़ें: कोलकाता हादसा: फैक्ट्री शेड गिरने से मची चीख-पुकार, मलबे में दबे लोग पानी के लिए गुहार लगाते रहे

















