Bihar News: पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया है। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब पीने के बाद युवकों की तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। हालांकि, प्रशासन ने अभी मौत की वजह के तौर पर जहरीली शराब की पुष्टि नहीं की है।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि चार युवकों की तबीयत कथित तौर पर शराब जैसे पदार्थ के सेवन के बाद बिगड़ी। इसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना
घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की।
विजय सिन्हा बोले- जांच के बाद साफ होगी वजह
बिहार सरकार में मंत्री विजय सिन्हा मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि फिलहाल शराब से मौत होने की पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मंत्री ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की बात भी कही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के नतीजों के बाद ही ये स्पष्ट होगा कि चारों मौतों के पीछे जहरीली शराब थी या कोई अन्य कारण।
ये भी पढ़ें: New York Indian Flag News: न्यूयॉर्क में तिरंगे के कथित अपमान का वीडियो वायरल, किरेन रिजिजू ने दी कड़ी चेतावनी























