मुंबई: IIT Bombay में सेकेंड ईयर के स्टूडेंट साहिल वाकोडे की मौत के बाद कैंपस में छात्रों ने प्रोटेस्ट करना शुरू कर दिया। गौरतलब है कि एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के छात्र की मौत शुक्रवार शाम हॉस्टल-4 में हुई। घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए एकत्र हुए और मामले की पारदर्शी जांच की मांग की।
परीक्षा के दौरान क्या हुआ था?
IIT बॉम्बे के अनुसार, शुक्रवार को परीक्षा के दौरान छात्र को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया था। संस्थान का कहना है कि छात्र ने परीक्षा का प्रश्नपत्र ChatGPT पर अपलोड कर उसके जवाब हासिल करने की कोशिश की थी।
IIT बॉम्बे के मुताबिक, इस मामले में छात्र के खिलाफ तत्काल कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। Exam instructors और Head of Department ने छात्र से बातचीत की और उसे समझाया। Institute का कहना है कि छात्र को ये भरोसा भी दिया गया था कि इस घटना का उसके Academic Future पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा। इसके बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया।, लेकिन शाम को वो अपने कमरे में मृत पाया गया।
छात्रों ने उठाए सवाल
घटना के बाद 400 से अधिक छात्रों द्वारा Protest करने की जानकारी सामने आई। प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रशासन से पूरे घटनाक्रम को लेकर जवाब मांगा और मामले में पारदर्शिता की मांग की। कुछ छात्रों ने दावा किया कि छात्र पर परीक्षा में कथित नकल को लेकर कार्रवाई या निलंबन का दबाव था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वहीं IIT बॉम्बे ने अपने बयान में कहा है कि छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी।
डायरेक्टर के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान छात्रों के एक वर्ग ने IIT बॉम्बे के निदेशक प्रोफेसर शिरीष बी. केदारे के इस्तीफे की मांग भी उठाई। छात्रों ने संस्थान के प्रशासनिक रवैये और कैंपस में छात्रों से जुड़े गंभीर मामलों को लेकर सवाल उठाए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Director ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेने और मामले में जवाबदेही तय किए जाने की बात कही। हालांकि, उनके इस्तीफे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया।
जांच जारी, प्रशासन ने जताया दुख
पुलिस और संबंधित अधिकारी छात्र की मौत से जुड़े हालात की जांच कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, परीक्षा शाम करीब 4 बजे समाप्त हुई थी, जिसके बाद छात्र हॉस्टल गया था। बाद में उसे कमरे में मृत पाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
IIT बॉम्बे ने छात्र की मौत पर गहरा दुख जताते हुए कहा है कि घटना से प्रभावित दोस्तों, सहपाठियों, शिक्षकों और अन्य लोगों को आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है। संस्थान ने ये भी कहा है कि मौत से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
फिलहाल छात्र की मौत के पीछे की परिस्थितियों और परीक्षा से जुड़े घटनाक्रम के बीच संबंध की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें: निठारी कांड: एक ऐसा केस जिसने देश को हिला दिया, मौत की सजा से बरी होने तक की पूरी कहानी






























