मनोरंजन

संध्या थियेटर मामले में अल्लू अर्जुन से हो रही पूछताछ, इन सवालों के मांगे जा रहे जबाव

अल्लू अर्जुन
Image Source - Web

अल्लू अर्जुन की बहुचर्चित फिल्म ‘पुष्पा 2’ को रिलीज हुए 19 दिन पूरे हो चुके हैं। फिल्म 5 दिसंबर को रिलीज हुई थी, लेकिन इसका प्रीमियर 4 दिसंबर को रखा गया था। इस दौरान जब अल्लू अर्जुन फिल्म देखने के लिए संध्या थिएटर पहुंचे, तो भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। इस हादसे में रेवती नाम की एक महिला की मौत हो गई और उनका बेटा घायल हो गया, जिसका अभी इलाज चल रहा है।

पूछताछ के लिए एक्टर को जाना पड़ा पुलिस स्टेशन
इस मामले में अल्लू अर्जुन को पुलिस के सामने पेश होना पड़ा। 23 दिसंबर को उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया था। ये मामला 4 दिसंबर को प्रीमियर के दिन हुई महिला की मौत से जुड़ा है। अल्लू अर्जुन के खिलाफ केस दर्ज किया गया था और 13 दिसंबर को उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी। हालांकि, वो बाद में जमानत पर रिहा हो गए। हाल ही में उन्हें दोबारा पुलिस का नोटिस मिला, जिसके बाद वो जांच के लिए चिक्कडपल्ली पुलिस स्टेशन पहुंचे।

अल्लू अर्जुन के साथ कौन मौजूद थे?
पुलिस स्टेशन में अल्लू अर्जुन के साथ उनके पिता अल्लू अरविंद और चाचा चंद्रशेखर रेड्डी भी मौजूद थे। फिलहाल पुलिस उनका बयान दर्ज कर रही है। चिक्कडपल्ली पुलिस स्टेशन के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है, क्योंकि ये मामला काफी संवेदनशील है। इस मामले की जांच चिक्कडपल्ली एसीपी रमेश और सीआई राजू नाइक कर रहे हैं।

अल्लू अर्जुन से पूछे जा सकते हैं ये सवाल
बताया जा रहा है कि पुलिस ने अल्लू अर्जुन से पूछताछ के लिए 20 सवाल तैयार किए हैं। इनमें से कुछ महत्वपूर्ण सवाल इस प्रकार हैं:

  1. थिएटर में आने की सूचना आपने किसे दी?
  2. रोड शो के लिए क्या आपने अनुमति ली थी?
  3. क्या आपको किसी ने नहीं बताया कि परमिशन रिजेक्ट कर दी गई थी?
  4. आपके परिवार के कौन-कौन से सदस्य थिएटर में मौजूद थे?
  5. क्या आप नहीं जानते थे कि जब आप थिएटर में थे, तब रेवती की मौत हो गई थी?
  6. आपके साथ कितने बाउंसर आए थे और उनकी क्या भूमिका थी?
  7. फैन्स पर हमला करने वाले बाउंसरों की जानकारी क्या है?
  8. महिला की मौत के बारे में आपको कब पता चला?
  9. 850 मीटर का रोड शो क्यों किया गया?
  10. जाते वक्त दोबारा नमस्ते क्यों करना पड़ा?

गौरतलब है कि चिक्कडपल्ली पुलिस स्टेशन के बाहर भारी सुरक्षा का इंतजाम किया गया है। इस केस में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अल्लू अर्जुन का बयान और उनसे पूछे गए सवाल इस मामले की गहराई से पड़ताल के लिए महत्वपूर्ण हैं।

ये भी पढ़ें: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की तबीयत बिगड़ी, इस वजह से अस्पताल में किए गए भर्ती

You may also like