बीड जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में केज तहसील के तहसीलदार राकेश गिड्डे का निधन हो गया। इस हादसे ने पूरे प्रशासनिक महकमे और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ये हादसा आज सुबह लातूर-अंबाजोगाई हाईवे पर रेनापुर जंक्शन के पास हुआ। बताया जा रहा है कि राकेश गिड्डे अपनी कार से यात्रा कर रहे थे, तभी अचानक उनकी कार का गंभीर एक्सीडेंट हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर पलट गई और पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तहसीलदार राकेश गिड्डे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस दुखद घटना के बाद जिले भर में शोक का माहौल है। राकेश गिड्डे को एक कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार अधिकारी के रूप में जाना जाता था, और उनकी अचानक मौत से प्रशासनिक तंत्र को बड़ा नुकसान हुआ है।
ये भी पढ़ें: Mumbai: मानखुर्द वेस्ट में झोपड़ियों पर चला सरकार का बुल्डोजर, बेघर हुए सैकड़ों परिवार






























