देश-विदेश

BMC Hostel For Working Ladies: मुंबई में पहला वर्किंग वुमन हॉस्टल हुआ शुरू, 180 महिलाओं को मिलेगा आवास

BMC Hostal For Working Ladies
Image Source - Web

BMC Hostel For Working Ladies: मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने आखिरकार शहर की कामकाजी महिलाओं के लिए अपने पहले हॉस्टल का शुभारंभ कर दिया है। इस 16 मंजिला बहुउद्देशीय भवन में 180 महिलाओं को रखने की क्षमता है और इसका उद्घाटन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उपनगरीय संरक्षक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने किया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि शहर में एक साल के भीतर पांच और ऐसे हॉस्टल बन जाएंगे।

हॉस्टल के निर्माण के प्रस्ताव को नागरिक स्थायी समिति ने 2019 में मंजूरी दी थी। ये हॉस्टल 5,882 वर्गफुट में फैला हुआ है और इसमें 74 कमरे हैं। इसमें एक डोरमेटरी, कैंटीन और किचन भी है। पहली तीन मंजिलें मनोरंजन के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी। हॉस्टल का प्रबंधन परिवर्तन विकास संस्था द्वारा किया जाएगा। बता दें कि BMC का ये हॉस्टल मुंबई के गोरेगांव वेस्ट में स्थित है।

सपनों के शहर मुंबई में रहने की लागत आसमान छूने के कारण, अकेली कामकाजी महिलाओं के लिए किराए पर सस्ती जगह ढूंढना मुश्किल हो जाता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए बीएमसी ने विकास योजना के तहत ऐसे छात्रावासों के निर्माण के लिए एक नीति तैयार की। बीएमसी के इस कदम से मुंबई में अपने करियर को आगे बढ़ाने वाली महिलाओं को काफी मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें: मुंबई में प्रदूषण से लड़ने के लिए BMC का बड़ा कदम – ऑटोमेटेड वैन और मॉनिटरिंग स्टेशन

You may also like