देश में बढ़ती गैस सिलेंडर कीमतों और सुविधाजनक कुकिंग विकल्पों के चलते इंडक्शन कुकटॉप की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में बाजार में कई कंपनियों के इंडक्शन उपलब्ध हैं, लेकिन सभी सुरक्षित हों ये जरूरी नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार के उपभोक्ता मामले विभाग ने ग्राहकों को इंडक्शन खरीदते समय एक महत्वपूर्ण सलाह दी है।
सरकार ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए जानकारी देते हुए कहा है कि इंडक्शन खरीदने से पहले उस पर CRS मार्क जरूर जांच लेना चाहिए। ये मार्क इस बात की पुष्टि करता है कि संबंधित उपकरण सभी जरूरी सुरक्षा मानकों को पूरा करता है और उपयोग के दौरान सुरक्षित रहता है।

Image Source – Web
CRS मार्क यानी Compulsory Registration Scheme एक प्रमाणन प्रणाली है, जो ये सुनिश्चित करती है कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तय गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाए गए हैं। यदि किसी इंडक्शन पर यह मार्क मौजूद है, तो इसका मतलब है कि वह बिजली के झटके से सुरक्षा देने के लिए उचित इंसुलेशन से लैस है। ऐसे उपकरणों में गीले हाथों से छूने या गलती से संपर्क होने पर भी करंट लगने का खतरा बेहद कम होता है।
इसके अलावा, CRS प्रमाणित इंडक्शन में ओवरहीटिंग से बचाव की सुविधा भी होती है। कई सस्ते और बिना प्रमाणित इंडक्शन ज्यादा गर्म होकर खराब हो सकते हैं या आग लगने का खतरा पैदा कर सकते हैं। वहीं सर्टिफाइड इंडक्शन में ऑटो कट-ऑफ फीचर मौजूद होता है, जो तापमान अधिक होने पर खुद ही मशीन को बंद कर देता है, जिससे किसी भी दुर्घटना की संभावना कम हो जाती है।

Image Source – Web
CRS मार्क ये भी सुनिश्चित करता है कि इंडक्शन की ऊपरी सतह जरूरत से ज्यादा गर्म न हो, जिससे खाना बनाते समय हाथ जलने का खतरा कम रहता है। इसके साथ ही ऐसे इंडक्शन ऊर्जा की बचत करने में भी मदद करते हैं, क्योंकि इनमें हीट सीधे बर्तन तक पहुंचती है। इससे खाना जल्दी पकता है और बिजली की खपत भी कम होती है।
Cook smart and stay safe—always check for the CRS Mark before buying an induction stove to avoid risks like shocks, overheating, and fire hazards. #JagoGrahakJago #BIScertified #CRSMARK #ConsumerAwareness #NCH1915 pic.twitter.com/M8SGwpDad3
— Consumer Affairs (@jagograhakjago) April 2, 2026
मजबूती के मामले में भी सर्टिफाइड इंडक्शन बेहतर होते हैं। इनका डिजाइन स्थिर और मजबूत होता है, जिससे बर्तन के गिरने या पलटने का खतरा कम हो जाता है।
कुल मिलाकर, इंडक्शन खरीदते समय केवल कीमत या ब्रांड पर ध्यान देने के बजाय उसकी सुरक्षा को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है। CRS मार्क वाला इंडक्शन न केवल सुरक्षित होता है, बल्कि लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन भी देता है।
ये भी पढ़ें: अब 10,000 से ऊपर के डिजिटल पेमेंट में लगेगा 1 घंटे का ‘होल्ड’, जल्द आ सकता है RBI का नया नियम

























