गर्मियों में रसीले आम का स्वाद किसे नहीं भाता? लेकिन अगर आप रोज सुबह नाश्ते में आम खाने की सोच रहे हैं, तो जरा रुकिए! आम फायदेमंद तो है, लेकिन कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है।
आम में क्या-क्या होता है?
आम विटामिन और मिनरल्स का खजाना है। इसमें भरपूर मात्रा में विटामिन सी होता है, जो हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और त्वचा को स्वस्थ रखता है। विटामिन ए से आंखों की रोशनी अच्छी रहती है और त्वचा और इम्यूनिटी भी मजबूत होती है। फोलेट (विटामिन बी9) भी होता है, जो कोशिकाओं के विकास के लिए जरूरी है, खासकर गर्भवती महिलाओं के लिए।
पोटैशियम का पावरहाउस
आम में पोटैशियम भी भरपूर होता है, जो शरीर में पानी की मात्रा को संतुलित रखता है, नसों को ठीक रखता है और मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से बचाते हैं।
फाइबर से पेट रहेगा दुरुस्त
आम में फाइबर भी अच्छा खासा होता है, जिससे पाचन ठीक रहता है, कब्ज नहीं होता और दिल की बीमारियों और डायबिटीज का खतरा भी कम होता है।
लेकिन मीठे में छिपा है खतरा!
आम में फायदे तो बहुत हैं, लेकिन इसका मीठा स्वाद भी कुछ लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। इसमें प्राकृतिक रूप से शुगर की मात्रा ज्यादा होती है (100 ग्राम में करीब 14 ग्राम)। इसलिए, जिन लोगों को शुगर की बीमारी है या जो अपना वजन कम करना चाहते हैं, उन्हें आम कम मात्रा में ही खाना चाहिए।
कितनी मात्रा में खाना चाहिए?
100 ग्राम आम में करीब 60 कैलोरी होती हैं, जो ज्यादा नहीं है। इसलिए, अगर आप इसे संतुलित मात्रा में खाएंगे, तो ये आपके लिए फायदेमंद ही रहेगा। इसमें कई ऐसे तत्व भी होते हैं, जो सूजन कम करने, कैंसर से लड़ने और दिल को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
डॉक्टर की सलाह
डॉक्टरों के मुताबिक, आम खाने का सबसे अच्छा समय सुबह का नाश्ता होता है, क्योंकि इससे दिनभर में इसका शुगर बर्न हो जाता है। लेकिन ध्यान रहे, आम जरूर खाएं, लेकिन हिसाब से। अगर आपको शुगर की समस्या है, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
ये भी पढ़ें: पाम ऑयल: क्या वाकई इतना बुरा है जितना बताया जाता है?