मनोरंजन

किशोर कुमार: उसूलों के पक्के और बेबाकी के धनी; इमरजेंसी के दौरान इंदिरा गांधी का प्रचार करने से किया इनकार

किशोर कुमार
किशोर कुमार, एक ऐसा नाम जिसे सुनकर संगीत प्रेमियों के दिलों में अलग ही खुशी छा जाती है। आज यानी 4 अगस्त को उनकी 95वीं जन्मतिथि है। किशोर कुमार ने न केवल अपनी आवाज से बल्कि अपने बेबाक अंदाज से भी लोगों का दिल जीता। उनकी गायकी में योडलिंग का खास अंदाज और उनकी अद्भुत कला ने उन्हें भारतीय संगीत का एक अनमोल रत्न बना दिया। लेकिन, इस महान कलाकार के जीवन में कई ऐसे किस्से हैं जो उन्हें और भी दिलचस्प बनाते हैं।
लता मंगेशकर से डरते थे किशोर कुमार
किशोर कुमार ने खुद एक बार कहा था कि वे लता मंगेशकर की एक आदत से असहज महसूस करते थे और वो आदत थी लता जी का अनुशासन। एक बार उन्होंने बताया था कि लता जी बिना रिहर्सल के कभी स्टेज पर नहीं जाती थीं और ये बात किशोर दा को हमेशा परेशान करती थी।
स्टेज शो का मजेदार किस्सा
लता और किशोर ने एक साथ कई स्टेज शो किए, लेकिन एक किस्सा जो हमेशा याद रहेगा, वो था लंदन का स्टेज शो। जब दोनों स्टेज पर जाने के लिए तैयार हो रहे थे, तब ये तय नहीं हो पा रहा था कि पहले कौन जाएगा। किशोर दा ने लता जी को पहले जाने का सुझाव दिया क्योंकि वह उनकी सीनियर थीं, लेकिन लता जी ने उनका परिचय कराने का फैसला किया।
पहली मुलाकात का दिलचस्प किस्सा
किशोर कुमार और लता मंगेशकर की पहली मुलाकात भी काफी दिलचस्प थी। दोनों ने एक साथ ट्रेन और टांगे में सफर किया और एक ही जगह पहुंचे, बॉम्बे टॉकीज। लता जी ने सोचा कि किशोर दा उन्हें फॉलो कर रहे हैं, लेकिन कुछ देर बाद ही खेमचंद प्रकाश ने उनका परिचय कराया। इसके बाद दोनों खूब हंसे और उनकी दोस्ती की नींव रखी गई।
आदर्शों के पक्के
किशोर कुमार जितने हंसमुख और मजाकिया थे, उतने ही अपने आदर्शों के प्रति अटल भी थे। 1982-87 के दौर में जब सब अमिताभ बच्चन के पीछे थे, किशोर दा ने राजेश खन्ना का साथ नहीं छोड़ा और उनकी 91 फिल्मों में अपनी आवाज दी।
इमरजेंसी का दौर और किशोर कुमार
भारत में जब 1975-1977 के बीच आपातकाल लगा, तब भी किशोर कुमार ने सत्ता के आगे झुकने से इनकार कर दिया। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 20 सूत्रीय कार्यक्रमों का प्रचार करने से मना कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप उनके गानों को ऑल इंडिया रेडियो पर बैन कर दिया गया। यहां तक कि उनके युगल गानों को भी सेंसर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: बादल फटने से उजड़ा जीवन: स्कूल बहा, बच्चे लापता; मां के सीने से लिपटा मिला दुधमुंही बच्‍ची का शव, हिमाचल में आंसुओं का सैलाब

You may also like