Mumbai Crime News: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति और उसकी पत्नी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोप है कि इस दंपति ने एक महिला को नशीला पेय पिलाकर उसके साथ बलात्कार किया और फिर उसके फोटो-वीडियो का इस्तेमाल कर उसे बार-बार ब्लैकमेल किया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय पीड़िता पालघर जिले की रहने वाली है। उसकी मुलाकात आरोपी से पिछले साल हुई थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर 2024 में आरोपी ने पीड़िता को एक होटल में बुलाया और उसे नशीला पेय पिला दिया। होश में आने पर महिला को पता चला कि उसके साथ रेप किया गया है। आरोपी ने इस घटना के फोटो और वीडियो भी बनाए, जिनका इस्तेमाल कर वो पीड़िता को कई बार यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर करता रहा। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला के क्रेडिट कार्ड की जानकारी चुराकर ऑनलाइन खरीदारी भी की।
आरोपी की पत्नी भी शामिल
मामला यहीं नहीं रुका। जब पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर आरोपी के घर जाकर उससे बात करने की कोशिश की, तो आरोपी और उसकी पत्नी ने उसे धमकाया। दंपति ने महिला के आपत्तिजनक वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी और उसके गहने भी छीन लिए। बार-बार की धमकियों और उत्पीड़न से तंग आकर पीड़िता ने आखिरकार मुंबई पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।
मुंबई पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई शुरू की। आरोपी दंपति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (छलपूर्वक यौन संबंध), 123 (नशीला पदार्थ देक nशान पहुंचाना), 308(2) (ब्लैकमेलिंग/अवैध वसूली), 351(2) (आपराधिक धमकी), और 3(5) (साझा आपराधिक मंशा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब साक्ष्य जुटा रही है और दोनों आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
ये मामला मुंबई जैसे महानगर में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाता है। पीड़िता की हिम्मत और पुलिस की त्वरित कार्रवाई इस मामले में उम्मीद की किरण है। लेकिन क्या ऐसे अपराधों को रोकने के लिए और सख्त कदम उठाने की जरूरत है?