अगर आप मुंबई में रहते हैं और कोई घर या दुकान किराए पर देते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। मुंबई पुलिस ने फिर से आदेश जारी किया है कि मकान मालिकों को पुलिस स्टेशन में अपने किरायेदारों की पूरी जानकारी देनी होगी। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो आपके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
मुंबई शहर में अपराधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने ये कदम उठाया है। DCP अकबर पठान के मुताबिक, कई बार देखा गया है कि अपराधी किराए पर घर लेकर रहते हैं, और फिर शहर में लूटपाट या दूसरे गैरकानूनी कामों को अंजाम देते हैं।
मुंबई में क्यों बढ़ रहे हैं अपराधी?
मुंबई की आबादी लगातार बढ़ रही है। ना सिर्फ देश के दूसरे हिस्सों से, बल्कि विदेश से भी लोग यहां काम करने आते हैं। कई बांग्लादेशी और नाइजीरियन भी यहां रहते हैं, जिनमें से कुछ लोग अपराध से जुड़े हो सकते हैं। इनकी जानकारी ना होने से पुलिस के लिए इन्हें पकड़ना मुश्किल हो जाता है।
किरायेदार की जानकारी देना क्यों जरूरी है?
इसलिए, अब से अगर आप कोई भी घर, दूकान, होटल वगैरह किराए पर दे रहे हैं, तो मकान मालिक के लिए पुलिस को सारी जानकारी देना जरूरी होगा। इससे अगर कभी किरायेदार किसी भी अपराध में शामिल होता है, तो उसे पकड़ना आसान होगा।
मुंबई जैसे बड़े शहर में जहां लोग लगातार आ-जा रहे हैं, वहां पुलिस के लिए सब पर नजर रखना चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में ये नया नियम कुछ हद तक मदद कर सकता है, बशर्ते लोग इसका पालन भी करें।
इस आदेश के तहत, पुलिस स्टेशन जाकर या मुंबई पुलिस की वेबसाइट (www.mumbaipolice.gov.in/TenantForm?ps_id=0) पर किरायेदार के बारे में ये जानकारियां देनी होंगी:
- किरायेदार और उसके परिवार की फोटो
- किरायेदार के दोस्त, साथ काम करने वाले
- किरायेदार का पासपोर्ट, उसके गांव की जानकारी
- किस ब्रोकर के जरिए घर किराए पर लिया गया है
- घर क्यों बदला जा रहा है