महाराष्ट्र

भारत-पाकिस्तान मैच पर उद्धव ठाकरे गुट का विरोध, महिला आघाड़ी करेगी “सिंदूर रक्षा” आंदोलन

उद्धव ठाकरे
Image Source - Web

भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को होने वाले क्रिकेट मैच से पहले राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने इस मैच का विरोध करते हुए कहा कि पार्टी इसके खिलाफ आंदोलन करेगी।

संजय राउत ने अपने बयान में लिखा कि पहलगाम हमले में 26 लोगों की हत्या के बाद उनके परिवार की पीड़ा अभी भी ताजा है। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर, जो आतंकियों को खत्म करने के लिए शुरू हुआ था, अभी खत्म नहीं हुआ। फिर भी अबु धाबी में भारत-पाकिस्तान का मैच खेला जा रहा है। बीजेपी मंत्रियों के बच्चे इसे देखने जाएंगे। ये देश के लिए चिंता का विषय है।”

उन्होंने आगे बताया कि रविवार को शिवसेना (यूबीटी) की महिला आघाड़ी “सिंदूर रक्षा” आंदोलन करेगी। इस आंदोलन के तहत महाराष्ट्र की हजारों महिलाएं प्रधानमंत्री को घर-घर से सिंदूर भेजेंगी और सिंदूर के सम्मान में मैदान में उतरेंगी।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 26 लोगों की हत्या की थी। सुरक्षाबलों ने 28 जुलाई तक इन सभी आतंकियों को ढेर कर दिया था। इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके में 100 से अधिक आतंकियों को एयर स्ट्राइक में मार गिराया गया।

एशिया कप 2025 के तहत दुबई में भारत-पाकिस्तान के बीच मैच खेला जाएगा, लेकिन विपक्षी पार्टियां और शिवसेना (यूबीटी) इसे लेकर पहले से ही विरोध कर रही हैं।

ये भी पढ़ें: Ram Mandir: रामलला के भक्तों का दिल खोलकर दान, मंदिर की कमाई 327 करोड़!

You may also like