दुनिया में कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं, जिन्हें सुनकर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। कुछ घटनाएं इतनी अजीब होती हैं कि वे मेडिकल साइंस को भी चकित कर देती हैं। तंजानिया से सामने आया एक ऐसा ही मामला इस समय चर्चा में है, जहां एक व्यक्ति पूरे आठ साल तक अपने सीने में चाकू की ब्लेड लेकर जिंदा रहा।
कैसे सामने आया राज?
तंजानिया के मुहिम्बिली नेशनल हॉस्पिटल में 44 वर्षीय एक शख्स इलाज के लिए पहुंचा। उसे कई दिनों से छाती के बीच दर्द और पस निकलने की समस्या हो रही थी। आश्चर्य की बात ये थी कि उसे सांस लेने में कोई परेशानी नहीं थी और न ही गंभीर दर्द। शुरुआती हेल्थ रिपोर्ट्स भी नॉर्मल आईं।
लेकिन जब लक्षण बढ़े, तो डॉक्टरों ने एक्स-रे कराने का फैसला किया। और यहीं से खुला बड़ा राज। रिपोर्ट्स में सामने आया कि उसकी छाती के दाहिने हिस्से में चाकू की ब्लेड फंसी हुई थी, जो पूरे आठ साल से उसके शरीर में मौजूद थी।
आठ साल पुरानी कहानी
मरीज ने बताया कि करीब 8 साल पहले एक झगड़े में उसे गंभीर चोटें आई थीं। चेहरे, पीठ और छाती तक पर गहरे घाव हुए थे। उस समय जिस लोकल अस्पताल में उसका इलाज हुआ, वहां रेडियोलॉजी की सुविधा नहीं थी। डॉक्टरों ने सिर्फ टांके लगाए और घाव भर दिए। उसे खुद भी अंदाज़ा नहीं था कि लड़ाई के दौरान छाती में ब्लेड घुस गई थी।
वक्त के साथ उसकी जिंदगी सामान्य हो गई। लेकिन धीरे-धीरे सीने में पस और डेड टिशू जमा होने लगे, जो अब परेशानी की असली वजह बने।
ब्लेड ने कैसे बचाई जान?
डॉक्टरों के अनुसार, चाकू की ब्लेड दाहिने कंधे की हड्डी से होते हुए शरीर के अंदर तक चली गई थी। चमत्कार ये था कि उसने किसी भी महत्वपूर्ण अंग को नुकसान नहीं पहुंचाया। यही वजह थी कि मरीज इतने लंबे समय तक सामान्य जीवन जी पाया।
ऑपरेशन से निकली ब्लेड
आखिरकार डॉक्टरों ने ऑपरेशन का फैसला लिया। बड़ी सावधानी से ब्लेड के साथ जमा टिशू और पस को बाहर निकाला गया। सर्जरी के बाद मरीज को 24 घंटे के लिए ICU और फिर 10 दिन तक सामान्य वार्ड में रखा गया। राहत की खबर यह रही कि ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और अब मरीज की हालत स्थिर है।
ये मामला सिर्फ हैरान करने वाला नहीं बल्कि मेडिकल साइंस के लिए भी अध्ययन का विषय है। सोचने वाली बात है कि एक इंसान अपने शरीर में आठ साल तक चाकू की ब्लेड लेकर कैसे जिंदा रह सकता है।
ये भी पढ़ें: Hospital Vandalized After Patient Death: उल्हासनगर में मरीज की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा, CCTV वायरल!
























