Giorgio Armani: इटली के मशहूर फैशन डिजाइनर जॉर्जियो अरमानी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है। अरमानी ग्रुप ने इसकी पुष्टि की है। खबरों के मुताबिक, अरमानी लंबे समय से बीमार थे और अपने आखिरी दिनों तक अपने ब्रांड के लिए काम करते रहे। वह अपने घर में अपनों के बीच शांति से दुनिया छोड़ गए। अरमानी अपने ट्रेंडी और शानदार कपड़ों के लिए दुनियाभर में जाने जाते थे। उन्हें फैशन की दुनिया में रे जॉर्जियो यानी किंग जॉर्जियो के नाम से भी पुकारा जाता था।
अरमानी ने 1975 में अपने नाम से फैशन ब्रांड शुरू किया था। उनके कपड़ों की खासियत थी कि वे स्टाइल के साथ-साथ आरामदायक भी थे। अरमानी ने पुरुषों और महिलाओं के लिए ऐसे कपड़े डिजाइन किए जो सादगी और शान का मिश्रण थे। उनके डिजाइन में बेहतरीन फैब्रिक और बारीक फिनिशिंग का खास ध्यान रखा जाता था। यही वजह थी कि उनके कपड़े लंबे समय तक नए जैसे दिखते थे और पहनने वालों को प्रीमियम लुक देते थे।
अरमानी का ब्रांड सिर्फ कपड़ों तक सीमित नहीं था। वे बेल्ट, जूते, घड़ियां और परफ्यूम जैसे कई प्रोडक्ट्स बनाते थे। उनके डिजाइन पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए थे और हमेशा हाई क्वालिटी के होते थे। अरमानी के कपड़े और एक्सेसरीज की कीमत लाखों में होती थी। एक साधारण टी-शर्ट की शुरुआती कीमत करीब 10 हजार रुपये थी, जबकि उनके सबसे महंगे सूट की कीमत 10 लाख रुपये तक पहुंचती थी। एक बेसिक अरमानी घड़ी भी 10 हजार रुपये से शुरू होती थी।
अरमानी ने फैशन की दुनिया में कई नए ट्रेंड शुरू किए। उन्होंने पुरुषों के लिए ढीले और हल्के सूट बनाए, जिन्होंने मॉडर्न फैशन को नया रंग दिया। हॉलीवुड से लेकर रेड कार्पेट तक, उनके डिजाइन हर जगह छाए रहते थे। अरमानी ने 1980 में फिल्म अमेरिकन गिगोलो के लिए रिचर्ड गेरे के कपड़े डिजाइन किए, जिसने उन्हें दुनिया भर में मशहूर कर दिया। उनकी कंपनी 2024 में 2.3 बिलियन यूरो यानी करीब 2.7 बिलियन डॉलर की कमाई कर रही थी।
#GiorgioArmani #FashionDesigner #LuxuryFashion #ItalianFashion #ArmaniBrand
ये भी पढ़ें: Baba Ramdev 5-Minute Power Yoga: सिर्फ 5 मिनट में फिटनेस, बाबा रामदेव का पावर योगा है कमाल






























