देश-विदेश

Viral Video: इश्क या पागलपन? 1454 फीट ऊंचाई पर गर्लफ्रेंड को किया प्रपोज, वीडियो ने इंटरनेट पर मचाई सनसनी

Viral Video

Viral Video: प्यार का इजहार करने के लिए लोग अक्सर अलग-अलग तरीके अपनाते हैं, लेकिन न्यूयॉर्क की प्रतिष्ठित एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर एक रूसी कपल ने जो किया, उसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में कपल बिना किसी सुरक्षा उपकरण के 1,454 फीट ऊंचाई पर स्थित बिल्डिंग के स्पायर तक पहुंच गया और वहीं फिल्मी अंदाज में प्रपोज किया।

बिना सेफ्टी गियर पहुंचे 1,454 फीट ऊंचाई पर

रूफटॉप स्टंट्स के लिए मशहूर 33 वर्षीय एंजेला निकोलाउ और 32 वर्षीय इवान कुजनेत्सोव बिना किसी सुरक्षा उपकरण के एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के सबसे ऊंचे हिस्से तक पहुंच गए। ये स्थान जमीन से लगभग 1,454 फीट ऊपर है, जहां तेज हवाओं के बीच केवल मेटल स्ट्रक्चर और एंटीना मौजूद हैं। इतनी ऊंचाई पर किया गया ये स्टंट बेहद जोखिम भरा माना जा रहा है।

बैनर लहराकर किया प्रपोज

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कपल ने ऊंचाई पर पहुंचकर एक काला बैनर लहराया, जिस पर लिखा था, “जब प्यार की ताकत सत्ता से बड़ी होगी, तब दुनिया में शांति होगी।” इसके बाद इवान ने घुटनों के बल बैठकर एंजेला को शादी के लिए प्रपोज किया। एंजेला ने अंगूठी पहनने के बाद अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा कीं।

रोमांटिक पल के तुरंत बाद पुलिस की कार्रवाई

हालांकि ये रोमांटिक पल ज्यादा देर तक नहीं चल पाया। सूचना मिलते ही न्यूयॉर्क पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया। इस घटना के कारण एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के ऑब्जर्वेशन डेक को कुछ समय के लिए खाली कराया गया, जबकि निगरानी के लिए पुलिस हेलीकॉप्टर भी तैनात किया गया।

कपल पर प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश करने, सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने, सरकारी नियमों का उल्लंघन करने और अन्य कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पहले भी कर चुके हैं ऐसे खतरनाक स्टंट

ये पहला मौका नहीं है जब एंजेला निकोलाउ और इवान कुजनेत्सोव अपने जोखिम भरे कारनामों को लेकर चर्चा में आए हैं। दोनों साल 2024 में नेटफ्लिक्स की चर्चित डॉक्यूमेंट्री ‘Skywalkers: A Love Story’ में भी नजर आए थे। उस दौरान उन्होंने मलेशिया की दूसरी सबसे ऊंची इमारत मर्डेका 118 पर चढ़कर दुनिया को चौंका दिया था।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स इसे अब तक का सबसे रोमांटिक प्रपोजल बता रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग इसे गैर-जिम्मेदाराना और खतरनाक स्टंट करार दे रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और व्यूज हासिल करने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालना किसी भी तरह से सही नहीं माना जा सकता।

You may also like